






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 अप्रैल 2026। गर्मी में प्यास से बेहाल नंदी पानी पीने खेली पर जाने के दौरान अवैध अतिक्रमण के कंटीले तारों में उलझ गया। तारों से नंदी की गर्दन पर गहरा घाव हो गया और उसने दम तोड़ दिया।
क्षेत्र के गांव तोलियासर में रामदेवजी मंदिर के पास बने जलहौद के निकट की खेली में निराश्रित नंदी पानी पीने गया। इसी दौरान यहां तारबंदी में उलझ गया और उसकी मौत हो गई। सरपंच प्रतिनिधि गिरधारीसिंह, बजरंगसिंह प्रतापसिंह सहित अनेक ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए व रोष जता रहें है। गिरधारीसिंह ने बताया कि मंदिर के पास जलहौद के आस पास पंचायत भूमि पर करीब दो माह पहले भूमाफिया ने अतिक्रमण कर लिया। यहां जमीन पर कब्जा कर उसकी तारबंदी कर दी, जिसकी शिकायत भी ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी को की परंतु कोई कार्रवाई नहीं की गई। यहां बनी खेली में पशु पानी पीने आते है परंतु उनका रास्ता अवैध ढंग से रोक लिया गया है। नंदी की मौत से ग्रामीणों में नाराजगी है और मौके पर एकत्र ग्रामीण अवैध अतिक्रमण हटवा कर भूमि को पशुओं को लिए छुड़वाने की मांग कर रहें है।




