






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 मई 2026। क्षेत्र की पेयजल समस्याओं में कार्मिकों की कमी की समस्या व्यवस्था में सबसे बड़ा रोड़ा बना हुआ था। इससे राहत मिलने की खबर विधायक लोक सेवा केंद्र से आई है। विधायक ताराचंद सारस्वत ने बताया कि गत बजट में मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा की पालाना में क्षेत्र में नया उपखण्ड स्तरीय सहायक अभियंता (AEN) कार्यालय के सृजन को विभागीय मंजूरी दे दी गई है। अब श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में 2 सहायक अभियंता कार्यालय होंगे, जिससे क्षेत्र की पेयजल व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया जा सकेगा। नए कार्यालय में 1 सहायक अभियंता, 2 कनिष्ठ अभियंता सहित 7 कर्मचारियों के नवीन पदों का सृजन भी किया गया है, जिससे विभाग की प्रशासनिक व्यवस्था भी मजबूत होगी। विधायक ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं पीएचडी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय क्षेत्र की जनता के लिए लाभकारी सिद्ध होगा और जलदाय विभाग की कार्यप्रणाली में तेजी आएगी जिससे आमजन को बेहतर सेवाएं मिल सकेगी। नए ऑफिस के लिए फर्नीचर एवं कम्प्यूटर का 5 लाख का खर्च भी पारित किया गया है।



