







श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 जून 2026। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में अपने पति को छोड़ कर लिव-इन मे रह रही गर्भवती महिला की उसके लिव-इन पार्टनर ने मारपीट कर जहर पिला कर हत्या कर दी। इस सबंध में मृतका के पिता गांव अभयसिंहपूरा के निवासी भागुराम मेघवाल ने जरिये इस्तगासे गांव इंदपालसर हिरावतान निवासी रामवतार नायक व उसके पिता मेघाराम, माँ रुखमा, भाई अजयपाल, बहिन मंजू व नानूराम जाट के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। भागुराम ने पुलिस को बताया कि उसकी पुत्री कविता का विवाह इंदपालसर हिरावतान निवासी राजूराम मेघवाल के साथ हुआ था लेकिन वह पति को छोड़ कर रामवतार नायक के साथ लिव-इन मे रहती थी व अभी गर्भवती थी। पीड़िता का पति राजूराम गत 1 जून को अपने खेत जा रहा था तो उसने देखा कि आरोपी रामवतार व उसके परिजन कविता के गर्भ में पल रहे बच्चे को रामवतार का नही बताते हुए उसे गिराने की बात करते हुए उसके साथ मारपीट कर रहे थे। आरोपियों की मारपीट से पीड़िता बेहोश हो गए व उसकी तबियत बिगड़ गई तो आरोपी उसे लेकर श्रीडूंगरगढ़ हॉस्पिटल लेकर आये व यहां से बीकानेर रैफर करने पर आरोपी उसे बीकानेर ले गए। मृतका के पिता ने आरोपियों पर मृतका को बीकानेर ले जाने के दौरान रास्ते मे जहरीला पदार्थ ख़िलाने का आरोप भी लगाया है। इस कारण 3 जून को कविता की मौत हो गई और आरोपियों ने सबूतों को नष्ट करने के लिए रात 3 बजे अपने गांव के शमशान में उसका अंतिम संस्कार कर दिया। आरोपियों ने पोस्टमार्टम भी नही करवाया व पुलिस व परिजनों को सूचना दिए बिना ही शव को जलाकर नष्ट कर दिया। परिवादी ने आरोपी पर करीब 1 साल तक अपनी पुत्री का देह-शोषण करने, गहने हड़प लिए, जानलेवा मारपीट करने, जहर देकर मार देने, सबूत नष्ट करने के आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। मामले की जांच एसआई मोहनलाल करेंगे।


