


श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 04 सितंबर 2026। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर शहर में उत्साह का रंग अब घर-घर नजर आरहा है। कहीं नन्हे बच्चों को कान्हा के रूप में सजाया जा रहा है तो कहीं उनके सिर पर मोर मुकुट, हाथ में बांसुरी और माथे पर तिलक लगाकर मनमोहक रूप दिया जा रहा है। घरों में माताएं-पिता अपने लाडलों को कृष्ण के रूप में तैयार करने में जुटे हैं और बच्चों की मासूम अदाएं देखते ही बन रही हैं। जन्माष्टमी के मौके पर बच्चों को कृष्ण बनाकर सजाने की तैयारियों ने त्योहार की रौनक और बढ़ा दी है। कोई नन्हा कान्हा पीतांबर में सजा नजर आ रहा है तो कोई बांसुरी थामे कृष्ण की बाल लीलाओं की याद दिला रहा है। सोशल मीडिया पर भी बच्चों के इन मनमोहक रूपों की तस्वीरें खूब साझा की जा रही हैं। अगर आपने भी अपने बच्चे को नन्हे कान्हा के रूप में सजाया है या सजाने वाले हैं, तो उसकी तस्वीर श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स को जरूर भेजें और सभी तस्वीरें देखें आज श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स पोर्टल पर और कल देखें श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स अखबार में। वहीं, आज शाम 7 बजे श्रीकृष्ण मंदिर में जन्माष्टमी के अवसर पर विभिन्न आयोजन होंगे। वहीं बॉम्बे कॉलोनी में मटकी फोड़ प्रतियोगिता के साथ कलाकारों द्वारा भव्य भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालु इन आयोजनों में शामिल होकर जन्माष्टमी की भक्ति और उल्लास का आनंद ले सकते हैं।




















