May 20, 2026
05d349f1-27c6-4087-ba0c-fe6a18a1be48

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 फरवरी 2021। श्रीडूंगरगढ़ पालिकाध्यक्ष चुनाव अब बेहद रोचक होता जा रहा है। यहां भाजपा और कांग्रेस दोनो के बागी मैदान में उतरने के बाद बाड़ेबंदी में रखे गए परिजनों को साधा जा रहा है। आज पालिकाध्यक्ष पद के लिए 4 नामांकन होने के बाद 6 भाजपा पार्षदों के परिजन पुलिस थाने पहुंच गए और अपने परिवार के सदस्य पार्षद के अपहरण का मामला दर्ज करने की मांग की। इंचार्ज थानाधिकारी लाल बहादुर मीणा ने उनको सीओ दिनेश कुमार के पास भेज दिया। सीओ दिनेश कुमार ने उनको इस मामले में अपहरण का मुकदमा नही होने और धारा 97 के तहत मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने का वारंट जारी होने की समझाइश की। इस पर सभी परिजन उपखण्ड मजिस्ट्रेट दिव्या चौधरी के यहां पहुंचे। इतनी देर में वहां भाजपा नेता भी पहुंच गए और परिजनों को रोकने का प्रयास करते हुए समझाइश की। परिजनों को एसडीएम के पास पेश होने से रोकने की जानकारी मिलने पर पालिकाध्यक्ष के लिए निर्दलीय प्रत्याशी प्रीति शर्मा के ससुर भाजपा नेता जुगल किशोर तावनिया ओर निर्दलीय प्रत्याशी ललित सारस्वत के पिता राधेश्याम सारस्वत भी एसडीएम ऑफिस पहुंच गए। इस दौरान इनके ओर भाजपा नेता कुम्भाराम सिद्ध, बजरंग लाल सारस्वा आदि के साथ थोड़ी नोंक झोंक भी हुई। बाद में सभी परिजन एसडीएम के यहां पेश हुए और अपनी परिवाद दी। जिस पर अभी तक फैसला नही हुवा है।

इन्होंने दी परिवाद
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भाजपा के वार्ड 1 की पार्षद तीजा देवी के परिजन मनोज ने, वार्ड 2 के पार्षद रामेसर के लिए भवँरलाल ने, वार्ड 4 के पार्षद प्रकाश के लिए गोमती ने, वार्ड 7 के पार्षद मघराज के लिए ममता, वार्ड 32 की पार्षद पूजा के ससुर वेदप्रकाश ने, वार्ड 36 के पार्षद बंशीधर के लिए मनोज सुथार ने परिवाद लगाई है। सभी ने धारा 97 के तहत अपने पार्षद परिजनों को पेश करवाने की मांग की है।