






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 फरवरी 2021। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के नारसीसर गांव के राजकीय विदयालय के पास अवैध रूप से संचालित शराब की शिकायत करना एक युवक को भारी पड़ा। युवक की शिकायत पर वहां चल रहा अवैध ठेका तो बंद हो गया परन्तु इसका परिणाम बुरा हुआ। इन लोगों ने युवक के साथ रंजिश रखनी शुरू कर दी। मिली जानकारी के अनुसार गांव के किशोर सिंह की शिकायत से अवैध ठेका बंद हो जाने से परेशान इन लोगों ने किशोर सिंह को बुरी तरह पीटा। जिससे युवक किशोर सिंह को पैरों सहित शरीर के कई अंगों पर गंभीर चोटें लगीं। आरोप है कि सैरूणा थाना पुलिस ने युवक की शिकायत पर मामला तो दर्ज कर लिया। मगर मारपीट के सामान्य धाराओं में मामला दर्ज किया। इस पर गुरूवार को गांव के लोगो ने बीकानेर जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर नारेबाजी की तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में नारायण सिंह,भागीरथ सिंह,विजय सिंह,कान सिंह, लेखराम, सुरजाराम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




