






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 फरवरी 2021। आपका पूरा दिन कैसा गुजरेगा यह इस बात पर निर्भर करता है कि आपकी सुबह की शुरुआत कैसी हुई है. कई बार हम अनजाने में सुबह उठते के साथ ही ऐसी कई गलतियां करते हैं जिसकी वजह से पूरे दिन न सिर्फ हमारा मूड खराब रहता है बल्कि लॉन्ग टर्म में हमारी सेहत पर भी इसका बुरा असर देखने को मिलता है. लिहाजा सुबह उठते के साथ अगर आप अपनी आदतों में कुछ बदलाव कर लें तो इससे आपका दिन भी अच्छा गुजरेगा और सेहत पर भी पॉजिटिव असर नजर आएगा.
अलार्म को स्नूज पर डालना
ज्यादातर लोगों की यही आदत होती है कि वे सुबह जब अलार्म बजता है तो उसके साथ तुरंत उठने के बजाए अलार्म को स्नूज पर कर देते हैं और उन्हें लगता है कि इस 15-20 मिनट की नींद से उन्हें अच्छा फील होगा और एनर्जी मिलेगी. लेकिन आपकी यह धारणा गलत है. नैचरल स्लीप में बार-बार बाधा आने का शरीर के साथ ही मानसिक सेहत पर भी बुरा असर पड़ता है. इसलिए सुबह अलार्म को बार-बार स्नूज पर डालने की बजाए, अलार्म के बजते ही उठ जाएं.
झटके के साथ उठना
अलार्म बजते ही अचानक झटके के साथ बिस्तर से उठने और भागदौड़ में लगने की बजाए अपने शरीर और मांसपेशियों को कुछ समय दें. बिस्तर से उठते वक्त दाईं तरफ मुड़ें और फिर बेड से नीचे आएं ताकि शरीर के एनर्जी फ्लो का बैलेंस बना रहे. शांति से कुछ मिनट गहरी सांस लें, कमरे के तापमान पर रखा पानी पिएं और उसके बाद कमरे से बाहर आएं.
स्ट्रेचिंग न करना
जब हम सोकर उठते हैं तो तो हमारी मांसपेशियों खासकर रीढ़ की हड्डी में थोड़ी से अकड़न रहती है इसलिए सुबह उठने के बाद हल्की-फुल्की स्ट्रेचिंग करना जरूरी है. अगर पैरों में, जांघ में कंधे में टाइटनेस महसूस हो रही हो तो उन्हें हल्के से स्ट्रेच करें. 3 से 4 बार हल्की स्ट्रेचिंग करें और फिर गहरी सांस लें. ऐसा करने से आपके दिन की बेहतर शुरुआत होगी.
सुबह उठते के साथ फोन चेक करना
अगर आप भी सुबह आंख खुलते के साथ ही मोबाइल फोन चेक करने लग जाते हैं तो यह आदत भी आपकी शारीरिक और मानसिक सेहत के लिए ठीक नहीं है. आपकी सुबह की एनर्जी आपसे जुड़े जरूरी कामों पर फोकस्ड होनी चाहिए, ईमेल और सोशल मीडिया चेक करने के लिए नहीं. लिहाजा सुबह की शुरुआत 20:20:20 के फॉर्मूले के साथ करें- 20 मिनट एक्सरसाइज, 20 मिनट मेडिटेशन और 20 मिनट रीडिंग.
चाय-कॉफी के साथ दिन शुरू करना
अगर आपको भी बेड टी पीने की आदत है तो अपनी इस आदत को आज ही बदल दें. सुबह की शुरुआत खाली पेट चाय-कॉफी पीकर करते हैं तो यह आपके मेटाबॉलिज्म के लिए ठीक नहीं है. इसलिए अपने दिन की शुरुआत बेड टी की जगह गुनगुने पानी में नींबू का रस और शहद के साथ करें. इसके बाद आप चाहें तो ग्रीन टी पी सकते हैं.
ब्रेकफास्ट न करना
बहुत से लोग सुबह काम की हड़बड़ी की वजह से ब्रेकफास्ट भी नहीं करते और सीधे ऑफिस चले जाते हैं. कई रिसर्च में यह बात सामने आयी है कि सुबह का ब्रेकफास्ट स्किप करने की वजह से मोटापा, डायबिटीज और कमजोर इम्यूनिटी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है. साथ ही अगर आप सुबह ब्रेकफास्ट नहीं करते हैं तो रात के डिनर के बाद शरीर को कुछ खाए बहुत लंबा गैप हो जाता है जिस वजह से एनर्जी में कमी आने लगती है और ब्लड शुगर लेवल भी लो हो जाता है.



