May 21, 2026
05d349f1-27c6-4087-ba0c-fe6a18a1be48

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 मार्च 2021। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में गांव पूनरासर की बेटी 22 वर्षीय ईदा गुरूवार सुबह अपने ससुराल करमीसर में फांसी के फंदे पर मृत पाई गई। घटना नाल थाना क्षेत्र के करमीसर में हुई व ईदा का निकाह मात्र 14 माह पहले ही हुआ था। अरमानों के साथ उठी डोली दहेज के कारण उसकी मौत के साथ दफन हो गई। थानाधिकारी विक्रम सिंह चारण व डीवाईएसपी पवन भदौरिया गुरूवार को मौके पर पहुंचे व पूनरासर निवासी ईदा के परिजनों को सूचना दी गई। परिजन सदर थाने बीकानेर पहुंचे व मृतका के परिजन सहाबुद्दीन ने ईदा के ससुरालवालों के खिलाफ दहेज के लिए तंग परेशान करने व फांसी पर लटकाकर मार डालने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करवाया है। ससुराल पक्ष के जिया, फारूख खां, सत्तार खां, फिरोज खां के खिलाफ आरोप लगाया गया है। मृतका का निकाह 14 माह पूर्व ही हुआ था ऐसे में मामला गंभीर माना गया है और मामले की जांच सीओ पवन भदौरिया ने प्रारम्भ कर दी है।