






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 मार्च 2021। श्रीडूंगरगढ़ से सरदारशहर रोड पर सरदारशहर- बीकानेर रूट की बस को रोक कर मारपीट करने की घटना के प्रतिउत्तर में शेरूणा इलाके में सुजानगढ़-बीकानेर रूट की बस को रुकवा कर मारपीट करने की घटना सामने आई है। शेरूणा थानाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ निवासी राजेश नाई बीकानेर से अपनी बस लेकर सुजानगढ़ के लिए रवाना हुवा था। सेरूणा बस स्टैण्ड से थोड़ा आगे बीकानेर की ओर तीन कैम्पर गाड़ियां बस के आगे लगा कर बस को रूकवाया गया। केम्परो में सवार लोगो ने राजेश कुमार के साथ मारपीट की और इंशोरेंस के 70 हजार रूपए, बुकिंग के 2360 रुपये, सोने की चेन छीन लिए। मारपीट में घायल राजेश को पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेन्टर में भर्ती करवाया और उसने हॉस्पिटल में भर्ती रहते हुए पर्चा बयान से सेरूणा निवासी हरीराम जाट, बिरजूराम जाट, बाना गांव निवासी ओमप्रकाश जाट, कमल जाट, बजरंग जाट व दस बारह अन्य बदमाशों के खिलाफ लाठी, सरियों से मारपीट कर लूटपाट करने का मामला दर्ज करवाया है। शेरूणा पुलिस थाने से कुछ ही कदम की दूरी पर नेशनल हाइवे पर हुई इस घटना से बस में सवार सवारियों में भय व्याप्त हो गया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई जगह दबिश भी दी है लेकिन कोई भी आरोपी हाथ नहीं आये। बस ऑपरेटरों के बीच विवादों का इस कदर सड़को पर मारपीट में बदल जाना प्राईवेट बस संचालकों की सड़क पर दादागिरी जाहिर कर रहा है।




