






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 अप्रैल 2021। कस्बे में कर्फ्यू लगने के साथ ही व्यापारी जहां घरों में है वही नगरपालिका ने इसे बिना किसी विरोध के कार्रवाई करने का अवसर बना लिया है। शुक्रवार को कर्फ्यू लगने के साथ ही पालिका प्रशासन ने कस्बे के सबसे भीड़भाड़ वाले रास्ते पुस्तकालय से घूमचक्कर तक सड़क पर दुकानों के बाहर पड़े पाटे, सीढियां, चौकियां, अन्य सामान आदि को अतिक्रमण मान कर जब्त कर लिया था। वहीं आज शनिवार को इसी रोड पर खम्बो व टावरों पर लगे दुकानों के प्रचार होर्डिंग, बैनर आदि उतार दिए हैं और जब्त कर लिए है। बाजार में पालिका द्वारा इन कार्रवाईयों का कोई विरोध कर्फ्यू के कारण नहीं हो पा रहा है। वहीं दूसरी ओर कस्बे के लोगों का कहना है कि पालिका कर्फ्यू के दौरान ये फिजूल के कार्य कर व्यापारियों को परेशान करने का काम कर रही है। जबकि पालिका के पास मौका था कि कस्बे के बाजार में जाम पड़े नाले, टूटी नालियां, सड़को के गड्ढे आदि सब सही करवा सकती है। ट्रैफिक नहीं होने के कारण पालिका के ये सभी कार्य आराम से हो सकते थे लेकिन पालिका तो केवल सामान जब्ती करने में तथा बाद में जब्त सामान छोड़ने के एवज में रसीद काट कर ही अपने कर्तव्यों की इतिश्री कर ली जाती है।







