






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 अगस्त 2021। गांव बिग्गा में आज गौमाता के जयकारे गूंजे तो ठुकरियासर में हर हर महादेव के जयकारे लगाए। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।
गांव बिग्गा में भागवत कथा प्रारंभ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बिग्गाजी मंदिर रोड स्थित श्रीराधे कृष्ण गौशाला में गोसेवार्थ आज भागवत कथा आरम्भ हुई। ठाकुरजी मंदिर से निकली कलश यात्रा में बड़ी संख्या में बालिकाओं व महिलाओं ने कलश लिया व श्रीराधे कृष्ण गौशाला कथा स्थल पर पहुँची। कथावाचक बालव्यास पण्डित भवानीशंकर पारीक ने भागवत कथा का महत्त्व बताते हुए गौसेवा का धर्म समझाया। उन्होंने कहा कि गांवों में जनसहयोग से गौशालाओं का संचालन कर आवारा, असहाय व वृद्ध गायों का पोषण करना मानव का धर्म है। कथा के दौरान आकर्षक झाकियां सजाई गई तथा संगीतमय भजन कीर्तन में भक्तिरस का आनंद श्रद्धालुओं ने लिया। कथा को सुनने के लिए गांव कीतासर, बिग्गाबास रामसरा, अभयसिंहपुरा व सातलेरा से भी श्रद्धालु पहुँचे। गौशाला कमेटी द्वारा आयोजित भागवत कथा सुनने के लिए आसपास के गांवों से आने वाले ग्रामीणों के लिए वाहनों की व्यवस्था भी की गई है।
ठुकरियासर में शिव पुराण का समापन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आज गांव ठुकरियासर में हरिरामजी मन्दिर में आयोजित शिव पुराण का समापन हुआ। यहां शिवपुराण वाचक माधवदास ने शिव महिमा का बखान करते हुए देवों का देव महादेव को बताया। समापन पर पूर्णाहुति हवन से की गई तथा हवन गांव के पंडित श्रवण सारस्वत के सान्निध्य में सम्पन्न करवाया गया। मुख्य यजमान भिंयाराम तावणियां ने सपत्नी हवन में भागीदारी निभाई तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आहुतियां दी। पूजन में खेमाराम मोटसरा, सुरजाराम भाम्भू, मांगीलाल भाम्भू, रेवन्ताराम भाम्भू, मूलाराम मोटसरा, पंडित मनोज सारस्वत, पवन सारस्वत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं व पुरूष उपस्थित रहें व हर हर महादेव के जयकारे लगाए।





