






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 अगस्त 2021। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र की शांतिभंग का कारण बन रहा है यहां स्टेट हाइवे पर स्थित टोल प्लाजा। यहां गांव धीरदेसर पुरोहितान और आड़सर के बीच स्थित टोल प्लाजा पर तैनात कार्मिकों द्वारा आए दिन किसी ना किसी बात पर लोगों से भिड़ंत कर ग्रामीणों में भय पैदा किया जा रहा है। ऐसे में परेशान ग्रामीण बुधवार को लामबंद हुए और टोल प्लाजा की निकटतम गांवो से भी अवैध वसूली करने का आरोप लगाते हुए टोल प्लाजा का घेराव किया। बुधवार को टोलकर्मियों द्वारा लोकल गाड़ियों से टोल वसूलने तथा सुरजनसर का कच्चा रास्ता रोकने के आरोपों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हुए और टोल प्लाजा पर दोपहर तक टेंशन रही। सुबह ही ग्रामीण सुरजनसर सरपंच ओमप्रकाश शर्मा, आड़सर सरपंच प्रतिनिधि शिवकुमार जोशी, पूर्व सरपंच भैराराम सोनी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में टोल पर पहुंचे और अवैध टोल वसूली बंद करने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि कच्चा रास्ता रोकने पर टोल पर कार्रवाई की जाएं। वहीं टोल पर तनातनी बढ़ती देख थानाधिकारी वेदपाल शिवराण अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे तथा टोल कर्मियों व ग्रामीणों के बीच मध्यस्थता की। बात शुक्रवार तक के लिए फिर अटक गई है और शुक्रवार तक लोकल गाड़ियों से टोल नहीं लेने पर स्वीकृति बन गई। टोलकर्मियों ने शुक्रवार को टोल अधिकारियों के आने पर वार्ता करने की बात कही। सरपंचों ने सुरजनसर, आड़सर, धीरदेसर पुरोहितान के ग्रामीणों सहित शुक्रवार से टोल पर धरना देने की बात कही। सरपंच ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि लोकल गाड़ियों से टोल वसूला गया तो शुक्रवार से ग्रामीण टोल पर धरना देंगे और टोल कर्मियों की मनमर्जी को सहन नहीं करेंगे।



