






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 1 सितबंर 2021। आज पूरे क्षेत्र में 9वीं से 12वीं तक के सरकारी व प्राइवेट स्कूल खुल गए है। स्कूलों में 138 दिन बाद आधी रौनक लौट आई है और बच्चों सहित गुरूजनों में खासा उत्साह नजर आ रहा है। विद्यालयों में आज सरस्वती पूजन कर कक्षाओं में विद्यारम्भ किया गया है। सीनियर सैकण्डरी स्कूलों के नोडल प्रभारी प्रधानाचार्य आदुराम जाखड़ ने बताया कि विद्यालय में प्रत्येक कक्षा में 50 प्रतिशत बच्चों को बुलाया गया है। सभी बच्चों को मास्क अनिवार्य रूप से पहनने की हिदायत दे दी गई है। सामाजिक दूरी का पालन किया जा रहा है व हाथ धोने के लिए साबुन व विद्यालय में सेनेटाइजर की व्यवस्थाएं भी की गई है। जाखड़ ने कहा सभी अध्यापकों द्वारा कक्षाओं में बार बार कोरोना साक्षरता के प्रति विद्यार्थियों से समझाईश के निर्देश दिए गए है। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ठुकरियासर की प्रधानाचार्य विमला गुर्जर ने बताया कि बच्चों में विद्यालय आने का उत्साह है और स्टाफ द्वारा बच्चों से कोरोना गाइडलाइन की पालना करवाई जा रही है। 12वीं के छात्र देवेश इन्दोरिया, मनीष शर्मा, केशव आसोपा ने बताया कि वे लंबे समय से स्कूल आने से वे बेहद प्रसन्न है। 12वीं के छात्र प्रेम तावणियां ने बताया कि स्कूलों के बंद रहने से विद्यार्थियों को पढ़ाई का खासा नुकसान उठाना पड़ा है और अब शिक्षकों से पढ़ने से ही संतोष का अनुभव हो रहा है।
हर महीने होंगे टेस्ट, 30 प्रतिशत सिलेबस में कटौती
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शिक्षा विभाग ने भविष्य में परीक्षा न होने की आंशकाओं के बीच मूल्याकंन के लिए भी तैयारियां कर ली है। विभाग ने हर महीने टेस्ट लेने के निर्देश स्कूलों को दे दिए है। 9वीं से 12वीं तक की कक्षाओं में 30 प्रतिशत सिलेबस भी कम कर दिया गया है। शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के चलते प्रतिमाह टेस्ट लेने व सिलेबस में कटौती की बात कही जिससे परीक्षा नहीं हो पाने की सूरत में भी मूल्याकंन किया जा सके। स्कूल कॉलेज के साथ ही अब कोचिंग भी अनलॉक होने वाले है और पहली से 8वीं तक के स्कूल खोलने के लिए केन्द्र की गाइडलाइन का इंतजार किया जा रहा है।











