






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 सितंबर 2021। सेवा केंद्र श्रीडूंगरगढ़ में जैन तेरापंथ समाज में मनाए जा रहें 8 दिवसीय पर्युषण पर्व के तहत आज अणुव्रत चेतना दिवस मनाया गया। इस मौके पर साध्वी बसंतप्रभा ने परिषद को संबोधित करते हुए प्रति व्यक्ति को जीवन में अणुव्रत धारण करने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रत्येक श्रावक मानवीय एकता में विश्वास रखें व साम्प्रदायिक सद्भाव के विकास का प्रयास करें। साध्वी ने कहा कि अणुव्रत समाज सामुदायिक चेतना वाला समाज होगा जिसकी वर्तमान में सर्वाधिक आवश्यकता है। इस दौरान साध्वी गुप्तिप्रभा ने भगवान महावीर के भव का सुंदर वर्णन किया। साध्वी संकल्पश्री ने विचार प्रस्तुत करते अणुव्रत से आत्मबल व आत्मविश्वास में बढ़ने की बात कही। साध्वी भावितयशा ने कहा कि छोटे-छोटे व्रतों से जीवन सार्थक बनता है। साध्वी कल्पमाला ने मानवता पर मार्मिक कविता प्रस्तुत की। कार्यक्रम के प्रारंभ में अणुव्रत समिति श्रीडूंगरगढ़ के अध्यक्ष विजय राज सेठिया ने अणुव्रत गीत का संगान किया। साध्वी कल्पमाला जी, मौलिकयशा, रोहितयशा व भावितयशा जी ने गीत का संगान किया। कार्यक्रम में दिनांक 10 सितंबर 2021 को तप अभिनंदन समारोह के आयोजन की जानकारी दी गई कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं व पुरुषों ने भाग लिया।



