






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 सितम्बर 2021। विदा होते मानसून ने शनिवार को कस्बे सहित कई गांवों में जम कर बारिश की है झड़ी लगातार जारी है। हालात ये है कि शहर में चारों और पानी पानी ही नजर आ रहा है एवं हर वर्ष पानी निकासी एवं सफाई व्यवस्थाओं के नाम पर करोड़ो रुपए खर्च करने वाली नगरपालिका के लिए ये पानी पालिका का पानी (इज्जत) उतारने के लिए काफी है अगर आंख में शर्म का पानी बचा हो तो। आज शहर में यही चर्चा है कि पालिका की लापरवाहियों का अंजाम शहर के लोगों ने भुगतना है एवं चारों ओर बारिश के बाद लोगों को मिले जख्मों के निशान रह गए है। कस्बे में दर्जनों ऐसे स्थान है जहां पर जलभराव होने से लोगों के घरों में नुकसान हुआ है एवं गलियां एकदम नहरों के समान हो गई है। कस्बे के आड़सर बास में ब्राईट फ्यूचर स्कूल के पास, खाटू श्याम मंदिर के पास, ब्रह्माणी माता मंदिर के पीछे, रेगरों के मोहल्ले में, रावण ताल के पास वाली गली में, प्रजापत मोहल्ले में, मदर इंडिया स्कूल के पास के साथ पूरा बाजार, कालूबास की मुख्य गलियां हर जगह पानी का ठहराव और उसमें तैरती गंदगी, सड़ांध मारती बदबू शायद इस शहर के प्रत्येक नागरिक के लिए सजा से कम साबित नहीं हो रही है।जलनिकासी के मामले में पालिका के फेलियर स्टेटस के कारण पिछली बारिश में कालूबास में एक आशियाना गिरा था वहीं आज मोमासर बास में एक घर ढह गया। मोमासर बास के वार्ड 9 में करणी माता मंदिर के पास बुजुर्ग पूनमचंद सोनी का मकान गिर गया है।
पशुपालकों को उम्मीद, सिंचित फसलों में आई नई जान, बारानी किसानों पर अकाल की मार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शनिवार को हुई बारिश ने शहर में चारों ओर पानी पानी किया वहीं दूसरी ओर गांवों में हुई बारिश से कृषि कुंओं पर जलने की कगार पर पहुंची मूंगफली की फसलों में नई जान फूंक दी है। हालांकि बारानी खेतों में तो अब यह बारिश उपयोगी साबित नहीं होगी क्योंकि बारानी खेतों में तो बारिश के इंतजार में फसलों ने पहले ही दम तोड़ दिया है एवं पूरे क्षेत्र के अधिकांश गांवों में बारानी अकाल शत प्रतिशत सा ही हो गया है। लेकिन फिर भी बारानी खेतों में अब हुई बारिश से बेसहारा पशुओं के लिए, रेवड़ के लिए चारे की उपलब्धता करवा देगी और पशुपालकों को इस बारिश से नई उम्मीद जगी है। क्षेत्र के गांव जेतासर, तोलियासर, ठुकरियासर, लिखमादेसर, धीरदेसर, मोमासर, बिग्गा, सातलेरा, जाखासर, मोमासर, सुरजनसर सहित लगभग सभी गांवों में आज जमकर बादलों के बरसने के समाचार है।
















