






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 अक्टूबर 2021। सट्टेबाजी क्षेत्र के युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रही है और इसका प्रमाण देखने को मिला है कस्बे में। यहां सट्टेबाजी में पैसे हारने के बाद कस्बे का एक युवक अपने घर से लापता हो गया। श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी वेदपाल शिवराण ने बताया कि मुख्य बाजार मोमासर बास के निवासी माणकचंद डागा ने शनिवार को थाने पहुंच कर अपने 34 वर्षीय पुत्र आतिश के घर से लापता होने की जानकारी देते हुए गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। इस पर जांच हैडकांस्टेबल सेवाराम को सुपुर्द की गई एवं तीन दिनों के बाद उसे ढूंढने में कामयाबी हासिल हुई है। युवक को उसके परिजनों को सुर्पुद कर दिया गया है। वेदपाल शिवराण ने बताया कि युवक आतिश डागा को सट्टेबाजी की लत पड़ गई एवं इस आईपीएल में उसने सट्टा खेला व अपने पैसे हार गया। सट्टेबाजों द्वारा पैसे मांगने पर युवक पैसे नहीं चुकाने पड़ें इसलिए अपने घर से गायब हो गया। ऐसे में परिजन खासे परेशान हुए एवं पुलिस ने भी इसी मोबाईल लोकेशन के आधार पर कई जगहों पर तलाश की। युवक शातिराना अंदाज में बार बार अपना मोबाईल ऑन कर ऑफ कर रहा था व इस कारण पुलिस मोबाईल की लास्ट लोकेशन के आधार पर आबू रोड पहुंची। लेकिन युवक वहां से रिंगस होते हुए सुजानगढ़ पहुंचा और अपनी रिश्तेदारी में फोन पर बात की तो पकड़ा गया। श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने क्षेत्र के युवकों को सट्टेबाजी से दूर रहने की अपील की है।




