






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 अक्टूबर 2021। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के एक परिवार में नए व्यवसाय की खुशी शुक्रवार को होनी थी लेकिन उससे पहले गुरुवार रात हुए हादसे में पिता-पुत्र की मौत होने के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। क्षेत्र के गांव जालबसर के निवासी सांवरमल पुत्र पिथाराम और सांवरमल का बेटा अशोक सीकर जिले के फतेहपुर में आशीर्वाद चौराहे पर रसगुल्ले की नई फेक्ट्री लगाई थी। फेक्ट्री का आज ही उद्घाटन होना था। जिसकी रात को तैयारियां चल रही थी। इसी बीच रात करीब 11 बजे ट्रीटमेंट प्लांट में सेफ्टी वॉल में लीक होने की वजह से बॉयलर फट गया। जिसमेें तेज धमाके के साथ दोनों पिता पुत्र के चिथड़े उड़ गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि बॉयलर फटकर चार दीवारी को तोड़ता हुआ बाहर निकल गया। धमाके की आवाज भी करीब तीन किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर दोनों के शव फतेहपुर के मुर्दाघर में रखवाए। जहां आज सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे गए। शव गांव पहुंचने वाले है ओर पूरा गांव इनके घर पर जमा होकर शोक में शामिल है। जानकारी के अनुसार घटना के दौरान फेक्ट्री में चार जने मौजूद थे। जिनमें से वॉल्व लीक होने पर दो शख्स तो इधर- उधर हो गए। जबकि सांवरमल व अशोक उसके पास ही रह गए। हादसे में बचे दोनों ने बताया कि इस दौरान अशोक ने पिता सांवरमल को बॉयलर से दूर रहने की हिदायत भी दे रहा था। लेकिन, संभवत: उसे ठीक करने के फेर में पिता व पुत्र दोनों उसकी चपेट में आ गए।
धरी रह गई उद्घाटन की तैयारी, सबकुछ तबाह।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जालबसर के निवासी पिता पुत्र ने फतेहपुर में रसगुल्ले की फेक्ट्री के उद्घाटन की पूरी तैयारी कर रखी थी। मशीनें सारी लग चुकी थी। नए भवन में रसगुल्ले के लिए दूध व अन्य समान भी मंगाया हुआ था। इसी बीच हादसे ने सबकुछ तबाह कर दिया। हादसे की भीषणता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पानी की मोटर सहित वहां रखे उपकरणों तक के परख्च्चे उड़़ गये।



