






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 नवम्बर 2021। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे के कालूबास निवासी एक व्यक्ति ने अपने परिचित का घर नीलाम होने से बचाया और उस परिचित ने ही उसके रुपए हड़प लिए तो मदद करना व्यक्ति को महंगा पड़ गया। श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी वेदपाल शिवराण ने बताया कि कालूबास निवासी गोपीकिशन पांडिया ने इसी मोहल्ले के विनोद भार्गव के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करवाया है। पांडिया ने पुलिस को बताया कि आरोपी भार्गव का घर एस.के. फाइनेंस में गिरवी रखा हुआ था और 3.75 लाख का ऋण नहीं चुकाने के एवज में उसका घर नीलाम होने वाला था। ऐसे में आरोपी गत 25 सितम्बर को उसके पास आया और उसका मकान खरीदने को कहा। इस पर 12 लाख 21 हजार रुपये में मकान का सौदा हुआ। पीड़ित ने आरोपी को लोन चुकाने के लिए 3.75 लाख रुपये दे दिए और बाकी रुपये लोन क्लियर कर देने के बाद विक्रय-पत्र करवाने के समय देना तय हुआ। इसके लिए आरोपी ने 24 अक्टूबर का दिन तय किया था लेकिन यह तारीख गुजरने के बाद भी आरोपी नानुकर करता रहा और अब आखिर में मुकर गया। आरोपी ने 3.75 लाख रुपये भी हड़प लिए। श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच हेडकांस्टेबल सुरेश कुमार के सुपुर्द की है।



