May 21, 2026
00

श्रीडूंगरगढ टाइम्स 18 नवम्बर 2021। श्रीडूंगरगढ़ तेरापंथ समाज में आज उल्लास व उत्साह का माहौल है और समाज ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का आभार प्रकट किया है। गहलोत ने तेरापन्थ धर्मसंघ के आचार्य महाश्रमण को राज्य अतिथि का दर्जा दिया है तथा उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया है। आचार्य महाश्रमण अपनी अहिंसा यात्रा के माध्यम से हजारों किलोमीटर की पदयात्रा कर रहे हैं और इसी क्रम में राजस्थान भी पधारे हैं। आचार्य का चातुर्मास भीलवाड़ा में है जहां 16 नवम्बर को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उनके दर्शन किए व अहिंसा यात्रा की जानकारी ली। अहिंसा यात्रा के दौरान आचार्य द्वारा सद्भावना, नैतिकता और नशामुक्ति के क्षेत्र में किए गए अनुकरणीय कार्य व उनके योगदान से गहलोत काफी प्रभावित हुए। 17 नवबंर को सरकार ने आचार्य महाश्रमण को राज्य अतिथि का सम्मान दिया। समाज के वरिष्ठ श्रावक भीखमचंद पुगलिया, जतन पारख, विजयसिंह पारख, अणुव्रत समिति अध्यक्ष विजयराज सेठिया, मंत्री के. एल. जैन ने प्रसन्नता प्रकट करते हुए सीएम का आभार जताया। बता देवें आचार्य महाश्रमण का आगामी चातुर्मास निकटवर्ती छापर में होगा।