May 20, 2026
SDT_news

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 नवम्बर 2021। गंगाशहर रोड स्थित कानेर की नई अनाज मंडी में कुछ देर पहले दिन दहाड़े एक लूट की घटना हुई है। घटना में यूपी से मूंगफली खरीदने आए एक व्यापारी से चार जनों ने ढाई लाख रुपए लूट लिए है। जानकारी के अनुसार अभी दोपहर करीब 12 बजे के आसपास गंगानगर रोड़ स्थित नई अनाज मंडी में यूपी के कानपुर देहात से आये एक व्यापारी राजकुमार को चार युवकों ने रोककर कहा कि आपने कमर पर क्या बांध रखा है कंही आपने हथियार तो नही छुपाकर रखे है। आपकी तलाशी लेनी है । ऐसा बोलकर चारों ने तलाशी के बहाने व्यापारी के कमर में बंधी रुपयों की पोटली को छीन ली और फरार हो गए । घटना की जानकारी मिलते ही मंडी में हड़कंप मच गया। मौके पर बीछवाल थानाधिकारी मनोज शर्मा व गंगाशहर थानाधिकारी राणीदान उज्ज्वल सहीत पुलिस जाब्ता पहुंच गया। वहीं भाजपा नेता मोहन सुराणा व मंडी के व्यापारियों व सहित किसानों की मौके पर भारी भीड़ जुट गई। पीड़ित व्यापारी राजकुमार ने बताया कि वह यूपी से बीकानेर की अनाज मंडी में जैन एजेंसीज में मूंगफली खरीदने आया था। जिसके लिए वह करीब 2.25 लाख लेकर आया लेकिन बदमाश लुटेरे उसके सारे रुपए छीन कर फरार हो गए । फिलहाल पुलिस ने जिले भर में लुटेरों की तलाश में नाकाबंदी करवा दी है । साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज को चेक किया जा रहा है।