






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 नवबंर 2021। श्रीडूंगरगढ़ में शनिवार देर शाम हंगामा मचाने वाले हिस्ट्रीशीटर भानीनाथ सिद्ध पर जानलेवा हमला करने का एक ओर मुकदमा दर्ज हुआ है। इस मामले की चपेट में आए कांस्टेबल तेजपाल के हाथ का ऑपरेशन बीकानेर के एक अस्पताल में करवाया गया और उसके हाथ में 2 रॉड डाली गई है।हालांकि अभी तक इस मामले पुलिस के हाथ खाली है और थानाधिकारी वेदपाल शिवराण ने बताया कि पुलिस लगातार भानिनाथ उर्फ भानिड़ा की तलाश में जुटी है। भानिनाथ के पिता व भाई को पुलिस ने सोमवार को न्यायालय में पेश कर 6 दिन के लिए जेसी करवाया व बीकानेर जेल भेज दिया था। शनिवार को जिस गवाह पर हमला करने भानिनाथ आया था उस 30 वर्षीय गवाह राकेश पुत्र रामकुमार सिद्ध ने मुकदमा दर्ज करवाया है। रविवार शाम को दर्ज करवाए गए मुकदमे में राकेश ने पुलिस को बताया कि 27 नवबंर को रात्रि 9.30 बजे अपने घर खाना खाकर सो रहा था तभी मेरे घर के सामने एक कैम्पर आकर रूकी और तीन चार व्यक्ति जोर जोर से चिल्लाने लगे। बाहर आकर देखा तो भानीनाथ व उसके 3 साथियों ने गेट पर लाठियों से गेट तोड़ कर घर में घुस कर मेरे ऊपर हमला कर दिया। शोर मचाने पर परिजन आए व उनको देखकर भानीनाथ व उसके तीनों साथी बोलेरो कैम्पर गाड़ी लेकर भाग गए। चारों आरोपियों ने मुकदमा दर्ज करवाने या कोर्ट में गवाही देने पर जान से मारने की धमकियां दी।



