






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 दिसंबर 2021। श्रीडूंगरगढ़ उपखंड की ग्राम पंचायत समंदसर में आज पहले अतिथि गृह का उद्घाटन हुआ व ग्रामीणों के चेहरे हर्ष के साथ खिल उठे। स्व. सेठ तोलाराम सिंघी स्मृति भवन के उद्घाटन का दो दिवसीय समारोह आज पूर्ण हुआ। भवन का उद्घाटन समाजसेवी रतनलाल दफ्तरी व मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा व गणेश प्रसाद कन्दोई उपस्थित रहें। समारोह के आयोजक मोहनलाल सिंघी ने मुख्य अतिथि डॉ. बी.डी. कल्ला व रतनलाल दफ्तरी का शॉल ओढ़ाकर स्मृति चिह्न प्रदान कर उनका स्वागत व सम्मान किया। सरपंच पुत्र ईमिलाल गोदारा का स्वागत सम्मान शुभकरण सिंघी ने किया, गणेश प्रसाद कन्दोई का सम्मान प्रकाश चंद सिंघी ने किया। सुरेश कुमार कम्माणी का भी शॉल उढ़ाकर नरेश कुमार खटोड़ ने सम्मान किया। समारोह में सभी वक्ताओं ने भवन निर्माता मोहनलाल सिंघी के कृतित्व की भूरी भूरी प्रशंसा की। जनहितार्थ भवन निर्माण करवाने व उसका लोकार्पण करने के लिए देश भर से वरिष्ठ नागरिकों ने मोहनलाल सिंघी को शुभकामनाएं भेजी तथा श्रीडूंगरगढ़ के समाज सेवी विजयसिंह पारख की मंगल कामना का वाचन मंच से किया गया तथा सुमति पारख व रेखा पारख ने वाचन पत्र मोहनलाल सिंघी को सौंपा। ग्रामीणों की ओर से गांव के वरिष्ठ नागरिक लक्ष्मीनारायण शर्मा ने मोहनलाल सिंघी को साफा बंधवाया व सरपंच पुत्र इमिलाल गोदारा ने आभार प्रकट करते हुए शॉल ओढ़ाकर सिंघी का सम्मान किया। सिंघी के साथ उनके पुत्र योगेश सिंघी व विनय सिंघी, पुत्र वधू सविता सिंघी, खुशबू सिंघी पौत्र कनिष्क और पर्णव ने ग्रामीणों व अतिथियों का आभार जताया। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन व गणेश वंदना से किया गया। गणेश वंदना का प्रस्तुतिकरण दिनेश जोशी ने किया। राजगुरु पंडित देवीलाल उपाध्याय व रामदेव उपाध्याय ने मंत्रोचारण के साथ उद्घाटन सम्पन्न करवाया। दूर दूर से आए अतिथियों ने समारोह में भाग लिया तथा श्रीडूंगरगढ़ व कटक से बड़ी संख्या में नागरिक समारोह में भाग लेने पहुंचे। गांव समंदसर के बुजुर्गों व युवाओं ने आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभाई।










