May 21, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 20 दिसंबर 2021। कोरोना ने ऑनलाइन शिक्षा का महत्व बढ़ा दिया है और गांव गांव जब ऑनलाइन सेवाओं से जुड़ गए है तब देर से ही सही पर अब सरकारी स्कूलों में भी विद्यार्थियों को ऑनलाइन जानकारियों से जोड़ने के लिए नवाचार किया जाएगा। निजी स्कूलों की तरह श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के पांच गांवों के राजकीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास रूम बनाएं जाएंगे। स्मार्ट क्लास रूम में 65 इंच का इंटरेक्टिव पैनल व अपग्रेड कंप्यूटर लगेंगे। लेटेस्ट टेक्नॉलाजी के इन इक्यूपमेंट के क्लास में लगने से सरकारी स्कूल के बच्चे भी निजी स्कूल की तरह ऑन लाइन जानकारी हासिल कर सकेंगे। इन गांवो के बच्चों के शैक्षणिक स्तर में वृद्धि होगी। इन्हें पढ़ाने के लिए विशेष प्रशिक्षित शिक्षकों को लगाया जाएगा। ये क्लास रूम श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के राउमावि बाना, बिग्गा, दुलचासर, गुसाईंसर बड़ा व सांवतसर में बनेंगे। खास बात ये है कि ये क्लास रूम वित्तीय वर्ष 2021-2022 में ही बना दिए जाएंगे और इसके लिए शिक्षा विभाग को बजट जारी कर दिया गया है। विभाग जल्द से जल्द स्मार्ट क्लास रूम के लिए कार्य शुरू कर देंगे। इसके लिए मुख्यमंत्री जिला नवाचार निधि योजना के अंतर्गत जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र की सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लास रूम बनाने के लिए 54.60 लाख का बजट जारी किया गया है। यह बजट मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, समग्र शिक्षा के प्रस्ताव को आधार मानते हुए दिया गया है। जिले में ये 35 क्लास रूम सात ब्लॉक बीकानेर, नोखा, श्रीडूंगरगढ़, पांचू, कोलायत, खाजूवाला, लूणकरणसर में बनाए जाएंगे। ।