






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 जनवरी 2022। क्षेत्र में आज सुबह रिमझिम बारिश के साथ दिन निकला है। मावठ से किसानों के चेहरे खिल गए है परन्तु मौसम विभाग की ओलों की आशंकाओं ने कुछ चिंतित भी कर दिया है। पश्चिमी विक्षोभ क्षेत्र में पहुंच गया है और अब अगले दो दिनों में बारिश के ओले गिर सकते है। आज दिन भर गहरे बादल छाए रहेंगे और दिन में रात जैसी ठंडक महसूस होगी। पांच छह जनवरी को विक्षोभ का असर सर्वाधिक रहेगा व सात से बादल छंट जाएंगे। हालांकि 7 जनवरी को एक दूसरा विक्षोभ आएगा पर उसका असर बीकानेर क्षेत्र में कम बताया जा रहा है।
सफाईकर्मी पहुंचे ड्यूटी पर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। हल्की बारिश ने नागरिकों की दिनचर्या में बदलाव किया परन्तु शहर के सफाईकर्मी बाजार में अपनी ड्यूटी पर अलसुबह पहुंच गए। कड़कड़ाती ठंड में भी उन्होंने सड़कों को साफ कर अपना कर्तव्य निभाया।
मावठ से किसानों के चेहरे खिले, फसलों को मिलेगा जीवनदान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। देर रात को सातलेरा गांव सहित क्षेत्र में हुई मावठ एवं बूंदाबांदी के बाद से किसान काफी खुश नजर आ रहें है। सातलेरा गांव में दो अंगुल बरसात के बाद किसान मालाराम सारस्वत का कहना है कि अब फसलों को इससे खासा फायदा होगा। सरसों, चना, गेहूं की फसल मटर आलू को भी भरपूर फायदा मिलेगा तथा फसलों की बढ़तवार में फायदा होगा।






