






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 जनवरी 2022। गांव लखासर में रिटायर्ड फौजी जगदीश खिलेरी के फौजी पुत्र लेखराम खिलेरी ने नेशनल रॉइंग चेम्पियनशिप में दोहरे पदक जीतने की सफलता हासिल की है और उनकी इस सफलता से गांव भर में उत्साह का माहौल है। गांव का नाम रोशन करने वाले खिलेरी ने पुणे (महाराष्ट्र) में 01 जनवरी से 09 जनवरी तक आयोजित सीनियर नेशनल रॉइंग चैंपियनशिप 2022 में भारतीय सेना की 23 वीं ग्रेनेडियर यूनिट की ओर से भाग लिया था। उनके परिजनों ने बताया कि लेखराम ने विभिन्न इवेंट्स में भाग लेकर दो कांस्य पदक जीते है। शानदार प्रदर्शन के चलते उनका चयन सितंबर 2022 में होने वाले एशियाई खेलों के लिए हुआ है। खिलेरी को परिवारजनों, ग्रामीणों, मित्रगणों सहित श्रीडूंगरगढ़ विधायक गिरधारीलाल महिया ने भी बधाई दी है। गांव के युवा रेवन्तराम खिलेरी ने कहा कि लेखराम की इस स्वर्णिम सफलता से क्षेत्र के खेलप्रेमी युवाओं को एक नई प्रेरणा मिल सकेगी।
क्या होता है रोइंग खेल.?
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। रोइंग खेल नाव दौड़ का खेल होता है जो ओलंपिक में अपनी जबरदस्त पहचान के साथ दुनिया भर में खेला जाने वाला खेल है। इसमें एथलीट के फिटनेस की परीक्षा होती है। लखासर के युवक लेखराम ने अपनी सफलता से आज क्षेत्र के नागरिकों को रोइंग जैसे खेल से परिचय करवाया है जो मुख्यतः अमेरिका व मिस्र में खेला जाता रहा है।



