May 20, 2026
WhatsApp Image 2022-02-07 at 17.08.18

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 फरवरी 2022। अभ्यर्थियों की संख्या को लेकर अब तक की सबसे बड़ी परीक्षा के रूप में चर्चित रहने के बाद विवादों के घेरे में रही रीट पर मुख्यमंत्री को आखिर बड़ा फैसला लेना पड़ा है और परीक्षा रद्द कर दी गई है।मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजधानी जयपुर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ये घोषणा करते हुए रीट परीक्षा के लेवल-2 को रद्द कर दिया है। बता देवें की रीट का आयोजन 26 सितंबर 2021 को हुआ और इस परीक्षा में 32 हजार पदों के लिए करीब 14 लाख अभ्यर्थियों ने भाग लिया था। लेकिन बीते दिनों इस परीक्षा का पर्चा लीक होने की खबरों ने राजस्थान में हलचल पैदा कर दी थी। गौरतलब है कि रीट पेपर लीक होने की जानकारी सामने आते ही सांसद किरोड़ी मीणा उम्मीदवारों के पक्ष में सड़क पर आ गए थे। धरने में भी उन्होंने उम्मीदवारों का साथ दिया। उस वक्त पुख्ता सबूत न होने के चलते आंदोलन थोड़ा धीमा पड़ गया, लेकिन एसओजी की जांच ने पेपर लीक की पुष्टि कर दी। इसके बाद गिरफ्तारियों का दौर शुरू हो गया। पेपर लीक की पुष्टि होने के साथ ही भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने भी सीएम अशोक गहलोत को पत्र लिखकर जांच सीबीआई से करवाने की मांग की है। बेरोजगार महासंघ भी 9 फरवरी से विधानसभा घेराव का ऐलान कर चुका है। इस मामले में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डीपी जारौली को पद से हटाए जाने के बाद प्रदीप पराशर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रदीप पाराशर रीट परीक्षा के जयपुर को-ऑर्डिनेटर थे। प्रदीप पाराशर को तकनीकी शिक्षा राज्य मंत्री सुभाष गर्ग का बेहद करीबी बताया जाता है। पाराशर को एसओजी ने पूछताछ के लिए शनिवार को हिरासत में ले लिया था। एसओजी ने पूछताछ के बाद रामकृपाल और अन्य आरोपियों के साथ उन्हे रीट कार्यालय अजमेर भी ले गई थी। अजमेर से जयपुर आने पर एसओजी ने प्रदीप पाराशर की गिरफ्तारी की सूचना आधिकारिक रूप से दी। राजस्थान में रीट पेपर लीक मामले पर लगातार एसओजी गिरफ्तारियां कर रही है। एसओजी की पुष्टि के बाद सीएम अशोक गहलोत ने पूर्व न्यायाधीश के नेतृत्व वाली कमेटी का गठन किया था। सीएम अशोक गहलोत ने रीट पेपर लीक मामले पर कहा था कि संलिप्त पाए जाने वाले कार्मिक को तुरंत बर्खास्त कर दिया जाएगा। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डीपी जारौली को तुरंत पद से हटा दिया गया। साथ ही अशोक गहलोत ने बजट सत्र में नकल विरोधी बिल भी लाने की बात कही है। रीट मामले पर एसओजी अभी जांच कर रही है।