






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 फरवरी 2022। श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 फरवरी 2022। सम्मान करने से प्रतिभा निखारने की प्रतिर्स्पधा एवं संस्कारों का निर्माण होता है। पंडित घनश्याम शर्मा ने अपने शिक्षक जीवन में जो संस्कार बच्चों को दिए उनकी स्मृति में उनके परिवार द्वारा उनके आदर्शों को जीवंत रखने का प्रयास प्रतिभा प्रोत्साहन एवं सम्मान समारोह के माध्यम से किया जा रहा है। यह विचार मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी डॉक्टर राजकुमार शर्मा ने शुक्रवार को गांव मोमासर के राउमावि में साहित्यालंकार पं. घनश्याम शर्मा स्मृति विद्यापीठ द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि व्यक्त किए। इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी ने संस्कृत, संस्कृति, संस्कार एवं शैक्षिक उत्थान में सतत कर्मशील, सत्यनिष्ठ, नर सेवा ही नारायण सेवा मानने वाले आदि गुणों से ओत-प्रोत घनश्याम शर्मा के जीवन से सबको शिक्षा लेने को कहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ग्राम पंचायत सरपंच सरिता संचेती ने दिवंगत गुरूजी घनश्याम शर्मा द्वारा गांव मोमासर में 1947 में प्रधानाध्यापक के पद पर सेवांए देने के बाद आज उनकी स्मृति में उनके परिजनों द्वारा बच्चों एवं शिक्षकों को सम्मानित करने को अनूठा एवं प्रेरणीय बताया। दिवंगत गुरूजी घनश्याम शर्मा के शिष्य एवं गांव के वयोवृद्ध 90 वर्षीय गौरीशंकर जोशी ने उनके स्वभाव एवं कार्य शैली को बताते हुए उस समय के अपने अनुभव साझा किए। प्रधानाचार्य मुकेश कुमार मीना ने विद्यालय गतिविधियों एवं प्रगति की जानकारी दी। समारोह में राउमावि, इचरज देवी पटावरी बा. उ.मा.विद्यालय की 52 शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक विद्यार्थी प्रतिभाओं तथा राउमावि के शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यापीठ की ओर से प्रधानाचार्य मुकेश कुमार मीणा, श्रीमती सरिता, सरपंच श्रीमती सरिता संचेती, प्रबंधन समिति के सदस्यों तथा पत्रकारों को सम्मानित किया गया। छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गान से शुरू समारोह में घनश्याम शर्मा के 96 वर्षीय शिष्य मोहनलाल नाई एवं गौरीशंकर जोशी का माल्यार्पण, शॉल, प्रतीक चिह्न आदि प्रदान कर डॉ. वेदप्रकाश शर्मा द्वारा सार्वजनिक अभिनन्दन किया गया। इस अवसर पर विद्यापीठ की ओर से विद्यालय को साउंड सेट एवं सरस्वती प्रतिमा भेंट की गई। कार्यक्रम का संयोजन शिक्षाविद डाक्टर राधाकिशन सोनी ने किया एवं इस दौरान समारोह में ग्राम के गणमान्य नागरिक, प्रबुद्धजन मौजूद रहें।







