May 20, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 फरवरी 2022। श्रीडूंगरगढ़ की रोही में तेंदुआ घुस आया है और ढाणियों में दहशत का माहौल है। किसान परिवार बुरी तरह से डरे सहमे है और चार दिन से रात को पानी की लाइनें भी अपने खेतों में नहीं बदल पा रहें है। गांव तोलियासर की रोही में मुन्नीनाथ के खेत में एक घंटे पहले भी खेजड़ी के नीचे तेंदुए को देखा गया है। शुक्रवार को वन विभाग की टीम के साथ करीब चार घण्टे 35-40 किसानों ने उसे तलाश करने का प्रयास किया परंतु कामयाब नहीं हुए। किसान रिद्धकरण पुरोहित ने टाइम्स को बताया कि टीम के यहां से जाते ही किसान बिखर गए और रात को 6-7 जनें साथ में एक खेत में लाइन बदलने गए तो तेंदुए ने गुर्राहट के साथ उनका पीछा किया। सभी बेतहाशा भागे व अपनी जान बचाई। किसान लेखराम जाट, तुलसीराम पुरोहित, सीताराम गोदारा, हीराराम जाट ने बताया कि सारी रात आग जला कर बैठे रहें। किसानों ने बताया कि सोना और खाना पीना भूल गए है और दहशत का माहौल ही छाया हुआ है। किसानों ने कहा कि ढाणी से निकल ही नहीं पा रहें है और गाय, भैंस, बकरियों की सुरक्षा की चिंता में जान सुख रही है। बता देवें इन किसानों का दावा है कि ये तेंदुआ तोलियासर से सातलेरा के बीच की रोही में घूम रहा है।
ड्रोन बुलवा कर ढूंढने का प्रयास होगा, सरसों बनी समस्या।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। वन विभाग की टीम ने ड्रोन बुलवा कर ढूंढने की बात भी किसानों से कही है। बता देवें ड्रोन चालक ने बताया कि सरसों में ड्रोन से तेंदुआ ढूंढ पाना संभव नहीं होगा। किसानों ने बताया कि सरसों में छुप जाता है तो हरगिज पकड़ में नहीं आ पा रहा है। क्योंकि सरसों की फसल अभी पूरी ऊंचाई पर है और फूलों से लदालद है ऐसे में तेंदुए का पता ही नहीं चल पा रहा है।

पालतु पशुओं और बच्चों की चिंता कर रही है परेशान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। इस रोही के किसानों को अपने पालतु पशुओं और छोटे बच्चों की चिंता सता रही है। बच्चों को गांव या ढाणी से बाहर निकलने ही नहीं दे रहें है। किसान रात दिन रखवाली में तैनात है और मिल जुल कर किसान झुंड में रात बीता रहें है। ताकि तेंदुए की सूचना मिलने के साथ ही सभी एकसाथ हाथ में लाठियां लेकर अपनी सुरक्षा में बैठे रहते है। विभाग के रेंजर जितेंद्र कुमार ने बताया कि पैर के निशान तो नजर आए है परंतु तेंदुआ अभी नजर नहीं आया है। हमारी टीम लगातार पूरे दिन से तलाश में जुटी है और किसी का कोई नुकसान नहीं हो ऐसा पूरा प्रयास हम कर रहें है। हमारी टीम किसानों की मदद के लिए खेतों में लाइन भी खड़े होकर बदलवा रही है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। वन विभाग की टीम तलाश कर रही है।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। तेंदुए की खोज में जुटें है ग्रामीण।