August 30, 2026
SDT_news-Recovered-1

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 फरवरी 2022। किसी फिल्म में हाईवे पर गुंडों के गिरोह की मौजूदगी और हाईवे से गुजरने वाले वाहनों के साथ मारपीट की घटना के सीन की तर्ज पर श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में भी स्टेट हाईवे के हालात बन गए है और यहां वाहन चालकों द्वारा एक दूसरे को यही कहा जा रहा है कि सावधान! यहां टोल प्लाजा नहीं बल्कि गुंडों का अड्डा है। क्षेत्र में दिल्ली-बीकानेर स्टेट हाईवे पर स्थित टोल प्लाजा के यही हाल है तथा मंगलवार रात को श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने इस टोल प्लाजा पर तीन टोलकर्मियों को गुंडागर्दी करते हुए गिरफ़्तार किया है। थानाधिकारी वेदपाल शिवराण ने बताया कि टोल पर झगड़े की सूचना पर एएसआई बीरबलसिंह मौके पर पहुंचें। वहां पर टोलकर्मी गांव बंधनाऊ के निवासी एक पिकअप चालक हरूराम जाट के साथ मारपीट कर रहे थे। पुलिस ने पीड़ित हरूराम जाट को श्रीडूंगरगढ़ चिकित्सालय पहुंचाया एवं उसकी चोटों का मेडिकल करवाया है। वहीं दूसरी और टोल प्लाजा के कार्मिक लालसिंह, छोटूसिंह व गजानंद को धारा 151 के तहत शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। विदित रहे कि क्षेत्र में आड़सर टोल प्लाजा के कार्मिकों द्वारा लगातार क्षेत्रवासियों के साथ अलग-अलग वारदातें की जा रही है एवं आए दिन यहां मारपीट, तोड़फोड़, हंगामें की खबरें आ रही है। ग्रामीणों ने टोल प्लाजा संचालकों के खिलाफ कई बार प्रदर्शन भी किए है लेकिन इनकी गुंडागर्दी के आगे क्षेत्र के जनप्रतिनिधि व प्रशासन भी बेबस नजर आ रहे है।