






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 फरवरी 2022। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र की कुछ खास खबरें पढ़ें एक साथ न्यूज ब्रीफिंग में।
हर्षा की हत्या में न्याय की मांग, बजरंग दल ने आरोपियों के लिए सख्त सजा की मांग की।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कर्नाटक में बजरंग दल कार्यकर्ता हर्षा की हत्या के आरोप में पुलिस ने 6 जनों को गिरफ्तार कर लिया था व श्रीडूंगरगढ़ में बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने जिहादी ताक़तों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने व हत्यारों को फांसी की सजा दिए जाने की मांग करते हुए राष्ट्रपति के नाम प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान विहिप अध्यक्ष श्रीडूंगरगढ़ भंवरलाल दुगड़, बजरंग दल अध्यक्ष नवरतन राजपुरोहित, सत्यनारायण स्वामी, भवानीप्रकाश तावनियां, राजेश शर्मा, बनवारी, महेंद्र, संतोष, विजयसिंह, जितेंद्र राजपुरोहित, दिनेश राजपुरोहित, मुरलीधर राजपुरोहित, धीरज राजपुरोहित सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहें।

आरटीआई कार्यकर्ताओं के लिए मांगी सुरक्षा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गत दिनों बाड़मेर में आरटीआई कार्यकर्ता अमराराम गोदारा, झुंझुनूं निवासी अशोक मोदी पर हमले के प्रकरण में सीबीआई जांच करवाने तथा सबलसिंह भाटी और भगवानसिंह लाबराऊ पर दर्ज किए गए मुकदमों की निष्पक्ष जांच करने के साथ आरटीआई कार्यकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग मुख्यमंत्री से करते हुए उपखंड अधिकारी को ज्ञापन दिया। इस दौरान संगठन के ललितसिंह ओड, बाबुलाल रेगर, अनमोल मोदी, ओमप्रकाश ओड आदि मौजुद रहे।

ओवरब्रिज के अभाव में दम तोड़ रही है उम्मीदें, केन्द्रीय मंत्री को भेजा ज्ञापन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भाजपा नेता एवं पूर्व देहात जिलाध्यक्ष रामगोपाल सुथार ने केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को ज्ञापन देकर श्रीडूंगरगढ़-बीदासर रोड़ स्थित रेलवे फाटक पर रेलवे ओवर ब्रिज बनवाने की मांग की है। सुथार ने ज्ञापन में बताया कि इस व्यस्त रेलवे मार्ग पर दिनभर गाडियों का संचालन होता है एवं रेलवे स्टेशन के पास ही स्थित होने के कारण लंबे समय तक इसे बंद रखा जाता है। फाटक बंद होने के दौरान रेलवे फाटक के पार वाले 30 से अधिक गांवों के ग्रामीणों को खासी परेशानियां झेलनी पड़ती है एवं प्रसव, गंभीर बिमारी, दुर्घटनाओं आदि के वक्त रेलवे फाटक पर लगने वाला वक्त रोगियों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। वर्तमान में यहां पर सड़क का नवनिर्माण हो रहा है एवं इसी नवनिर्माण के साथ ही रेलवे ओवरब्रिज बना दिया जाए तो क्षेत्रवासियों की अनेक समस्याओं का समाधान हो जाएगा।



