






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 मार्च 2022। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे में लंबे समय से बाइक चोर अपनी कारगुजारियों से आमजन को परेशान किये हुए थे। ऐसे में गत 11 मार्च की रात को कस्बे के घुमच्चकर पर एक दुकान के आगे से बाइक चुराने वाले दो चोर पुलिस के हत्थे चढ़ गए है। श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी वेदपाल शिवराण ने बताया कि चोरी की घटना के बाद आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया और इसी आधार पर जांच शुरू करवाई गई। जांच अधिकारी हैड कांस्टेबल सुरेश कुमार और टीम ने सूचनाओं की कड़ी को जोड़ते हुए सोमवार को गांव केऊ पुरानी निवासी बाइक चोर 34 वर्षीय भागीरथ जाट ओर 30 वर्षीय प्रभुराम जाट को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही के आधार पर बाइक भी जब्त की जाएगी और इन चोरों से क्षेत्र में हुई बाइक चोरी की अन्य वारदाते भी खुलने का अनुमान लगाया जा रहा है। चोरों की गिरफ्तारी से पहले सोमवार को ही दुकानदार गजानंद पारीक की परिवाद पर बाइक चोरी का मामला भी दर्ज किया गया है।





