






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 1 अप्रैल 2022। नवसंवत्सर की पूर्व संध्या पर क्षेत्र में कई घरों में व मंदिरों में दीपक जलाएं गए। बता देवें क्षेत्र में कल घट स्थापना के साथ ही क्षेत्र भर में हिंदू नववर्ष धूमधाम से मनाया जाएगा। बाजार में साफ सफाई की जा रही है और रंग बिरंगी फ़रियों से बाजार की सजावट प्रारंभ कर दी गई है। विश्व हिंदू परिषद के बैनर तले बड़ी संख्या में युवा शहर के सभी प्रमुख चौराहों, गलियों को भगवा पताकाओं से सजाने में लगे हैं। कस्बे के घर घर में भगवा पताकाओं का वितरण किया गया है। आपणों गांव श्रीडूंगरगढ़ सेवा समिति के कार्यकर्ता भी नव संवत्सर के स्वागत में अमीर पट्टी से छगन तापड़िया की दुकान तक के स्थल की सज्जा में लगे हैं। प्रातः काल नव संवत्सर का स्वागत करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सेवाधाम शाखा के स्वयंसेवक नगर की चारों बस्तियों में स्थित प्रमुख मंदिरों में भगवान की प्रतिमा के समक्ष घोष का वादन करेंगे । यह वादन प्रातः 6.30 बजे माताजी मंदिर, आडसर बास से प्रारंभ हो कर 7.00 बजे गणेश मंदिर बिगाबास, 7.15 बजे झंवर मंदिर कालूबास और 7.45 बजे हनुमान मंदिर मोमासर बास तक चलेगा । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर कार्यवाह मूलचंद पालीवाल ने बताया की सभी नागरिक , माताएं, बहिनें इस समय मंदिरों में घोष वादन कार्यक्रम में शामिल हो सकेंगे। छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता भी नव संवत्सर स्वागत कार्यक्रम में योगदान देते हुए प्रमुख चौराहों और मार्गों पर रंगोली का बनाएंगे। साथ ही विद्या भारती और सेवा भारती संगठनों के कार्यकर्ता नगर के प्रमुख चौराहों पर नव संवत्सर की बधाई देते हुए प्रसाद और नव वर्ष के शुभकामना संदेशों का वितरण किया जाएगा। सेवा भारती के कार्यकर्ताओं द्वारा सेवा बस्तियों में भी शुभकामना प्रेषण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी द्वारा घूमचक्कर से बस स्टैंड तक साज सज्जा की जाएगी और स्थानीय नगर पालिका प्रशासन द्वारा पूरे शहर की साफ सफाई करवाई जा रही है।








