






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 अप्रैल 2022। चौबीसवें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी की जयंती आज देश भर में धूमधाम से मनाई जा रही है और इसी क्रम में श्रीडूंगरगढ़ में साध्वी श्रीचरितार्थप्रभा के सान्निध्य में अहिंसा का संदेश देते हुए प्रभात फेरी निकाली गई व मालू भवन में उत्सव मनाया गया। साध्वी श्रीचरितार्थप्रभा ने आज के समय में भगवान महावीर की प्रांसगिकता पर विचार प्रकट करते हुए भगवान महावीर को अहिंसा का अग्रदूत ही नहीं पर्यावरण पुरूष भी बताया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनो का अत्यधिक दोहन भी हिंसा है। जीव अजीव की सृष्टि के अस्तित्व को स्वीकार कर जीवमात्र से मैत्रीपूर्ण व्यवहार करने से ही जगत सुदंर व मानव जाति के लिए श्रेष्ठ बन सकेगा। उन्होंने बच्चों किशोरों सहित सभी नागरिकों को मोबाइल फोन के सीमित उपयोग की बात कहते हुए रील लाइफ के बजाय रीयल लाइफ के यथार्थ को समझने की बात कही। नारी रत्न व अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल की संरक्षिका शांता पुगलिया ने कहा कि महावीर केवल चर्चा का विषय नहीं जीवन में उतारने का विषय है। उन्होंने कहा कि महावीर ने हमें मानव बनना सिखाया है और भावी पीढ़ी महावीर को जाने समझे ये आज के दौर का जरूरी विषय भी है। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में एजी मिशन स्कूल के प्रधानाचार्य रजनीश कुमार ने आज के दौर में भगवान महावीर की प्रांसगिकता पर विचार व्यक्त किए। इस दौरान तेरापंथ युवक परिषद के पुखराज बरड़िया, महिला मंडल की मंजू झाबक, अणुव्रत समिति के सत्यनारायण स्वामी ने आज हिंसा के वातावरण में महावीर के बताए पथ पर चलकर ही विश्व में शांति स्थापना का मार्ग बताया। तेरापंथ सभा कार्यवाहक मंत्री अभिजीत पुगलिया ने कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी नागरिकों का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन सुमित बरड़िया ने किया। आयोजन में तेरापंथ सभा, तेरापंथ युवक परिषद, किशोर मंडल, कन्या मंडल सहित बड़ी संख्या में तेरापंथ समाज के नागरिकों सहित, एजी मिशन स्कूल, संस्कार इनोवेटिव स्कूल, महाराणा प्रताप के विद्यार्थियों व स्टाफ ने भी भाग लिया।
लघु नाटिका का मंचन, दिया संदेश, सभी ने की सराहना।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। समारोह में लघु नाटिकाओं के मंचन द्वारा संदेश दिया गया जिसे उपस्थित सभी नागरिकों ने सराहना की। इस दौरान किशोर मंडल के विवेक भंसाली, यश झाबक, ऋषभ झाबक, शुभम बोथरा, रोहित सुराना, यश सिंघी व कार्तिक वैद ने लघु नाटिका का मंचन किया जिसमें तनाव के साथ जीवन की जटिल परिस्थितियों में घिरे मानव जाति के लिए समाधान महावीर के सिद्धांतो और दर्शन में समाहित बताया गया। कन्या मंडल की लेशांशी बरड़िया, साक्षी दुगड़, प्रज्ञा बैद, महिमा दुगड़, रचना दुगड़, प्रीति पुगलिया ने तारक मेहता का उल्टा चश्मा के सेट की तरह हास्य लघु नाटिका प्रस्तुत करते हुए महावीर जयंती जीवन में अहिंसा, सत्य के मार्ग को अपना कर मनाने का संदेश दिया। आयोजन में जैन विद्या परीक्षा के प्रमाणपत्रों का वितरण भी किया गया।










