






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 अप्रैल 2022। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे में गुरुवार रात को एक बार फिर ममता शर्मसार हुई और चंद खुदगर्ज़ों ने ममता को सड़क पर फेंक दिया जिससे पूरा शहर स्तब्ध है। कस्बे के बिग्गाबास में रात 2.30 बजे एक अज्ञात गाड़ी में से एक थैली में पूर्ण विकसित और उसी समय की डिलवरी के बाद का मृत नवजात भ्रूण को कोई फेंका गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बॉम्बे मॉल से घुमचक्कर की ओर ऊपर जाने वाली गली में घनी आबादी के बीच भ्रूण को फेंके जाने के बाद कुत्ते उसे खाने के लिए लड़ने लगे तो आसपास के घरों से महिलाएं बाहर आई और कुत्तों को पत्थर मार कर भगाया। इस दौरान थैली में से भ्रूण सड़क पर आ गिरा। इस पर महिलाओं ने गली में बैठ कर उसकी कुत्तों से रक्षा की। तभी वहां केटरिंग के काम से अपने घर लौट रहे मोहल्ले का युवक मुकेश जाट पहुंचा तो महिलाओं ने उसे जानकारी दी। इस पर पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने भ्रूण को श्रीडूंगरगढ़ चिकित्सालय के मोर्चरी में रखवाया। विदित रहे कि कस्बे में नवजात भ्रूण को डिलवरी के तुरन्त बाद फेंक देने की यह तीसरी घटना सामने आई है। पहले राजकीय हॉस्पिटल के पास, फिर हाईस्कूल रोड पर एक बाड़े में और अब घनी आबादी के बीच गली में सड़क पर नवजात को फेंकने से पूरे शहर की मानवता शर्मसार है और हर कोई इन घटनाओं की पूरी जांच करने और दोषियों को ढूंढ कर सजा देने की मांग कर रहा है।




