May 20, 2026
26jan

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 अप्रैल 2022। श्रीडूंगरगढ़ तहसील के गांव पूनरासर में स्थित एक खेत के दो संयुक्त खातेदारों में से एक ने रूपयों की जरूरत पर दूसरे को खेत बेचने का इकरारनामा कर पैसे ले लिए लेकिन जब विक्रम पत्र रजिस्ट्री करवाने का वक्त आया तो रुपए हड़पते हुए विक्रय पत्र करवाने से मना करने का मामला सामने आया है। श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी वेदपाल शिवराण ने बताया कि हरियाणा के हांसी थानाक्षेत्र के गांव बाणा हेडी के निवासी राजवीर जाट एवं संजय मान श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव पूनरासर स्थित एक खेत में संयुक्त हिस्सेदार है। संजय मान को रुपयों की आवश्यकता होने पर उसने अपना हिस्सा भूमि राजवीर को 21 लाख रुपए में बेचना तय किया। इस बाबत गत 14 फरवरी को आरोपी ने राजवीर के साथ 500 रुपए के स्टाम्प पर इकरार नामा भी लिख दिया एवं 6 लाख रुपए साईं भी प्राप्त कर ली। बाद में राजवीर ने संजय द्वारा रुपयों की आवश्यकता की मांग करने पर बैंक में 3 लाख रुपए एवं 7.5 लाख नकद और कुल 16.50 लाख रुपए दे दिए। लेकिन जब 18 अप्रैल को रजिस्ट्री करवाने का वक्त आया तो आरोपी तहसील कार्यालय पहुंचा ही नहीं एवं विक्रय पत्र करवाने से मुकर गया। इस पर पीड़ित श्रीडूंगरगढ़ थाने पहुंचा एवं लिखित रिपोर्ट प्रस्तुत की। पीड़ित राजवीर की रिपोर्ट पर संजय मान के खिलाफ धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज कर लिया गया है। जिसकी जांच हैडकांस्टेबल सुरेश गुर्जर को सुपुर्द की गई है।