






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 मई 2022। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में गत दिनों में चोरियां और चलती बस में अटैची, बैग से गहने, नकदी पार करने की घटनाएं काफी बढ़ चुकी हैं। अब ऐसी वारदातों से अपनी सुरक्षा करने के लिए क्षेत्र की जनता भी जागरूक हो गई है। और इसी जागरूकता का परिणाम रहा कि रविवार को क्षेत्र की जनता में दो अलग अलग मामलों में बसों में वारदात करने वाले चोरों को पकड़वाया है। आज घुमचक्कर पर हुई वारदात में दो चोरों को पकड़ने में पुलिस का साथ देने के बाद कस्बे वासियों ने लूणकरणसर जाने वाली बस में चोरी का प्रयास करते हुए एक महिला को पुलिस को पकड़वाया है। एसआई बलवीरसिंह ने बताया कि लोगो ने बस में चोरी करने का प्रयास कर रही महिला को पकड़ कर घेर लिया था और पुलिस को सूचना दी गई। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची तो पकड़ी गई महिला भादरा थाने के गांव भोजासर मटीली निवासी सुदेश राजपूत शोर शराबा मचाने लगी और उत्पात मचाने लगी। इस पर महिला को धारा 151 में गिरफ्तार किया गया।




