






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 मई 2022। भीषण गर्मी के दौर में क्षेत्र के किसानों की ढाणियां व घर में लग रही आग की घटनाओं में उनकी उम्मीदें भी धूं धूं कर लगातार जलकर राख हो रही है। आज गांव सोनियासर मिठिया में किसान प्रभुराम पुत्र जस्सुराम ज्याणी जाट के कच्चे मकान रूपी घर में स्थित झोंपड़े में आग लग गई और दो गाय जिंदा जल गई है व एक अन्य बुरी तरह से झुलस गई है। जिसके बचने की संभावना भी कम ही बताई जा रही है। आग में तुड़ी कचरा व 10 क्विंटल अनाज भी नष्ट हो गया है। किसान परिवार बुरी तरह से मायूस हो गया है। ये परिवार पड़ौस में ही हो रहे विवाह समारोह में भाग लेने गया था और बच्चे घर पर थे। अज्ञात कारणों से लगी आग को देखकर बच्चों ने घबरा कर शोर मचाया तो मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। यहां पास ही बने कुंड से पानी निकाल कर आग पर काबू पाया गया। सरपंच नंदकिशोर बिहाणी मौके पर पहुंच गए है तथा बिहाणी ने बताया कि प्रभुराम के माली हालात पहले से ही खराब है और ये परिवार दुग्ध उत्पादन से ही परिवार का पालन पोषण कर रहा था। इनकी गायों के मरने से परिवार पर पालन पोषण का संकट भी खड़ा हो गया है। ऐसे में सरपंच व ग्रामीणों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है और प्रशासन को सूचना भी दी गयी है।









