May 21, 2026
कृषि क्षेत्र में युवक ने किया शानदार इनोवेशन, देसी बाजरे का उत्पादन, दुगुना चारा, स्वादिष्ट  दाना ईजाद किया, अब दे रहें है किसानों बीज।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 मई 2022। कृषि क्षेत्र में श्रीडूंगरगढ़ के एक युवा छात्र ने शानदार इनोवेशन किया है जिसमें देसी बाजरे की उत्तम किस्म के नए बीज तैयार किए है। जेट की तैयारी कर रहा ये युवा विद्यार्थी लक्ष्मण चोटिया निवासी धीरदेसर चोटियान ने करीब तीन वर्षों की सतत मेहनत के बाद देसी बाजरे की उत्तम किस्म को ईजाद किया है। चोटिया का खेत इन दिनों क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और खेत में खड़ी बाजरी को देख यहां से गुजरने वाले हर किसान के लिए सुखद अनुभव बन रहा है। चोटिया ने बताया कि ये बीज लगातार तीन से चार सीजन शोध के बाद उत्तम नस्ल के बीज के रूप में अपने खेत में ही तैयार किए है। इसका स्वाद उत्तम है और दाना भी मोटा है। चोटिया ने बताया कि ये बाजरी के पौधे 8 से 9 फीट ऊंचे होते है और इसका सिट्टा भी चार से पांच फिट बड़ा होता है जिससे बाजरा उत्पादन में जबरदस्त बढ़ोतरी के साथ चारा भी दुगुना होता है। युवक ने टाइम्स को बताया कि उन्होंने अपने खेत में ही तीन वर्ष पूर्व उत्तम किस्म के पौधों की छंटनी की और उनमें गोबर की खाद से किस्म में सुधार के प्रयास किए। लगातार प्रयासों से बाजरा की किस्म सामने आई है। चोटिया ने बताया कि देसी बाजरा प्रति बीघा दो से तीन क्विंटल की उपज देता है जबकि ये बीज बाजरे में उपज अधिक व चारा अधिक दे रहा है। ऐसी ही किस्म का बीज 1000 से 1200 रूपए प्रति किलो मिल रहें है परन्तु लक्ष्मण ने किसानों की सहायता के लिए मात्र 500 रूपए प्रति किलो ये देसी बीज दे रहें है। क्षेत्र के किसान बीजों के बारे में जानकारी लेने के लिए लक्ष्मण चोटिया से 8824818129 नम्बर पर सम्पर्क कर सकते है। किसान धीरदेसर चोटियान में कितासर रोड स्थित उनके चोटिया ऑर्गेनिक फार्म हाउस पर जाकर देखभाल कर बीज ले सकते है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पौधे की लंबाई 8 से 9 फिट हो रही है जिससे चारा उत्पादन भी बढ़ रहा है।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बाजरे का सिट्टा 4 से 5 फिट बड़ा होता है।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। किसान ने बताया कि उन्होंने उत्तम किस्म के देसी बाजरे का बीज उत्पादित किया है।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बाजरे के बीज का दाना मोटा है।