






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 मई 2022। आचार्य महाश्रमण जी के श्रीडूंगरगढ़ आगमन की तैयारियां पूर्ण उत्साह के साथ प्रारंभ हो गई है। भवनों पर रंग रोगन और निमंत्रण के लिए वीडियो शूटिंग का कार्य धूमधाम से चल रहा है जिसमें समाज का हर वर्ग भाग ले रहा है। समाज के सभी संगठन सक्रिय है और अनेकों पदों पर नियुक्तियां हो रही है, अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
तेयुप पदाधिकारियों ने ली पद की शपथ, साध्वी चरितार्थ प्रभा ने बताए सूत्र।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आज सुबह मालू भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में तेरापंथ युवक परिषद के अध्यक्ष सहित पदाधिकारियों व सदस्यों को पद की शपथ दिलवाई गई। सेवा केंद्र व्यवस्थापिका साध्वी चरितार्थ प्रभा ने इस अवसर पर सभी सदस्यों को शपथ के संकल्प सूत्रों में वर्णित देव, गुरु, धर्म के प्रति सम्यक श्रद्धा, व्यसन मुक्त जीवन, शनिवार की सामायिक आदि की पालना करने की प्रेरणा दी। जैन श्वेताबंर तेरापंथ सभा के कार्यकारी मंत्री अभिजीत पुगलिया ने निर्विरोध नवनियुक्त अध्यक्ष प्रदीप पुगलिया को पद की शपथ दिलाई। अध्यक्ष ने अपनी कार्यकारिणी के पदाधिकारियों व सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलवाई। इस दौरान समारोह में श्रीजैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, तेरापंथ महिला मंडल, अणुव्रत समिति, तेरापंथ किशोर मंडल, तेरापंथ कन्या मंडल, ओसवाल पंचायत सहित अनेक श्रावक श्राविका उपस्थित रहें। तेयुप अध्यक्ष ने साध्वियों सहित सभी का आभार प्रकट किया। कार्यक्रम का संचालन तेयुप मंत्री सुमित बरङिया ने किया।
कन्या मंडल द्वारा आयोजित आत्मरक्षा शिविर का समापन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। महिला मंडल भवन में कन्या मंडल द्वारा आयोजित तीन दिवसीय सेल्फ डिफेंस के शिविर का आज सुबह समापन हुआ। समापन समारोह में शिविर ट्रेनर रही राजू सुथार का सम्मान किया गया। सुथार ने बालिकाओं को सीखे गए दावपेच का लगातार अभ्यास करने की प्ररेणा देते हुए रील लाइफ के स्थान पर रियल लाइफ को समझने व कड़ी मेहनत करने की प्रेरणा दी। महिला मंडल अध्यक्ष मंजू बोथरा व अतिथि रूप में शामिल कपिला स्वामी ने बालिकाओं को फोन का सदुपयोग करने की बात समझाते हुए उन्हें शैक्षिक उन्नति व शारीरिक स्वास्थ्य पर ध्यान देने की बात कही। कन्या मंडल प्रभारी चंदा जैन ने युवतियों को स्वयं की रक्षा के प्रति जागरूकता लाने की बात कहते हुए कार्यक्रम का संचालन किया। कन्या मंडल संयोजिका महिमा दुगड़ व सहसंयोजिका प्रज्ञा बैद ने सभी अतिथियों व बालिकाओं का आभार प्रकट किया।







