May 21, 2026
26jan

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 जुलाई 2022। श्रीडूंगरगढ़ थाने में जालसाजी का अजीबोगरीब मामला सामने आया है। मामले में जिस पड़ौसी का विश्वास के साथ घर में आना जाना था। उसी पड़ौसी ने बदनीयती के साथ पीड़ित परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा की हानी करते हुए इसे मानसिक तथा आर्थिक क्षति पहुंचाई है। परेशान 50 वर्षीय रामचंद्र पुत्र खेताराम जाखड़ निवासी इंदपालसर सांखलान पुलिस थाने पहुंचा है। थाने पहुंच कर पार्थी ने अपने पड़ौसी बजरंगलाल पुत्र तोलाराम ब्राह्मण, ज्यानादेवी पत्नी बजरंगलाल ब्राह्मण पर आरोप लगाए है। पार्थी ने पुलिस को बताया कि बजरंगलाल का मकान हमारे घर के पास स्थित है और प्रेमचारे से बेरोकटोक घर में आना जाना था। ज्याना देवी व बजरंग लाल दोनों पति पत्नी ने मेरी नाबालिग पुत्री से छल कपट की नियत से छात्रवृत्ति दिलाने के नाम पर उसके दसवीं कक्षा की मूल अंकतालिका, प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, ले लिए व तीन सादे कागज पर हस्ताक्षर करवा लिए। बालिका ने झांसे में आकर शिक्षा संबंधित दस्तावेज आरोपियों को सौंप दिए। दोनों पति पत्नी ने मिलकर दस्तावेजों का गलत उपयोग किया। नाबालिग पुत्री की शादी करने व अवैध रूप से बेचने के संबंध में अनेक विभागों में जानकारी दे दी। समाज में मेरे परिवार की बदनामी की। 23 जून को मेरी बड़ी पुत्री के विवाह में लोग नहीं आए और मेहमानों के लिए लगाया गया टेंट व खाना बर्बाद हो गया। 25 जून को कई मौजिज ग्रामीणों के साथ मिलकर ओलमा भी दिया। 2 जुलाई को आरोपियों ने सादे कागज लौटाने की बात कही तो उसने मना कर दिया। पार्थी ने पुलिस से दस्तावेज वसूल कर आरोपियों को दंडित करने की मांग की है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच थानाधिकारी वेदपाल शिवराण के सुपुर्द की गई है।