






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 जुलाई 2022। आज पंचायत समिति सभागार में उपंखड स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन 11 बजे से 2 बजे तक किया गया। जनसुनवाई में कुल 27 प्रकरण आए जिनमें 3 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इनमें से 2 जलदाय विभाग से संबंधित थे व एक विद्युत विभाग का था। बैठक में उपखंड अधिकारी डॉ दिव्या चौधरी व शिविर प्रभारी महानिरीक्षक रामचंद्र बेरवा मौजूद रहें। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शीशराम कुलहरि, एईएन बृजमोहन मूंड सहित अनेक विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहें।
पालिका को मिली फटकार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जनसुनवाई बैठक में पालिका संबंधी कई शिकायतें आई और पालिका से कोई जिम्मेदार प्रतिनिधि उपस्थित नहीं था। उपखंड अधिकारी डॉ. दिव्या चौधरी ने पालिका के प्रतिनिधि की जानकारी मांगी तो जवाब आया की कानाराम चांवरिया उपस्थित है। इस पर चौधरी ने कड़क लहजे में पालिका को फटकारते हुए कानाराम को चले जाने के लिए कहा। इस पर कानाराम उठ कर चले गए व बैठक के पश्चात पालिका से वीसी चलने की सूचना भी आई। उपखंड अधिकारी ने धंसती सड़कों के गढ्ढो से कोई हादसा नहीं हो इस पर ध्यान देने की बात भी कही।
तुरन्त समाधान, बिजली पानी के लिए सात दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बैठक में पानी से जुड़ी समस्याओं के लिए उपखंड अधिकारी ने विभाग के अधिकारी को जिम्मेदारी पूर्वक कार्य करते हुए सात दिन प्रकरणों में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट करने के निर्देश दिए। आडसर बास के पवन राठी व पार्षद रामसिंह जागीरदार की शिकायत पर जलदाय विभाग को तुरन्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
माचरा ने की समय पर ट्रांसफार्मर दिए जाने की मांग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के युवा नेता डॉ. विवेक माचरा जनसुनवाई में मौजूद रहें। माचरा ने किसानों को ट्रांसफार्मर समय पर नहीं देने की शिकायत की। इस पर उपखंड अधिकारी ने विभाग से ट्रांसफार्मर की जानकारी ली। विभाग के एईएन ने बताया कि बुधवार शाम ही 25 ट्रांसफार्मर आए है। इस पर डॉ. चौधरी ने प्राथमिकता के आधार पर ट्रांसफार्मर देने व और नए ट्रांसफार्मर के लिए डिमांड भेजने के निर्देश दिए।
सारण ने की कस्बे की मुख्य सड़क को सुधारने की मांग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जनसुनवाई में बिग्गा सरपंच जसवीर सारण ने बरसात से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई गांव की सड़क पर सीसी सड़क बनवाने की मांग की। सारण ने बिग्गाजी मंदिर की सड़क का मरम्मत करवाने के लिए भी पत्र दिया।
पुलिया के पास पानी निकासी की मांग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पार्षद प्रतिनिधि नानूराम कुचेरिया ने वार्ड 9 के बाशिंदों के साथ जनसुनवाई में आकर हाइवे पर बने पुलिया के नीचे भरने वाले पानी की निकासी की व्यवस्था करवाने की मांग की। कुचेरिया ने बताया कि यहां बनने वाली लिंक रोड से समस्या अधिक बढ़ जाएगी जिससे नागरिक पहले ही बुरी तरह से परेशान है। नागरिकों ने यहां दो चेंबर बनवाने की मांग की। इस पर डॉ. चौधरी ने पालिका को भिजवाने व जवाब लेने के निर्देश दिए।





