






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 जुलाई 2022। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बीकानेर दौरे के दौरान बड़ी संख्या में राज्य सरकार के विभिन्न मंत्री और मंत्री दर्जा प्राप्त आयोग अध्यक्ष भी बीकानेर आये। इसी क्रम में जयपुर से बीकानेर जा रहे राज्य अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष सचिन सरवटे का श्रीडूंगरगढ़ में अभिनन्दन किया गया। वाल्मीकि समाज द्वारा आयोजित इस अभिनन्दन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मौजूद समाज के लोगों ने सरवटे का माल्यार्पण किया। इस मौके पर सरवटे ने समाज को एकजुट कर शिक्षा के मार्ग पर आगे बढाने का संकल्प दिलवाया।

सूडसर उपतहसील में मिलाने का विरोध और मुखर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 जुलाई 2022। क्षेत्र में नवगठित उपतहसील सूडसर के क्षेत्र वर्गीकरण का विरोध हर रोज और मुखर होता जा रहा है। शुक्रवार को क्षेत्र के सरपंचों ने प्रधान पति केशराराम गोदारा के साथ बीकानेर पहुंच कर मुख्यमंत्री के सामने अपना विरोध दर्ज करवाया। ग्राम पंचायत समंदसर के सरपंच पुत्र इमिलाल गोदारा ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर लखासर पटवार मंडल को श्रीडूंगरगढ़ तहसील में ही रखने की मांग की और सूडसर में मिलाने पर होने वाली दिक्कतों के बारे में बताया। इसी प्रकार ग्राम पंचायत राजेडू और बापेउ के सरपंचों ने भी बापेउ पटवार मंडल सूडसर उपतहसील में मिलाने का विरोध किया है और श्रीडूंगरगढ़ में ही रखने की मांग की है।

हादसों का केंद्र बन रही है अधूरी पड़ी ड्रेनेज लाइन, आज बाइक डूबी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 जुलाई 2022। कस्बे में आडसर बास के तीन जगहों पर एकत्र रहने वाले गंदे पानी की निकासी के लिए जगदीश स्वामी के घर से जोहड़ तक डाली जा रही ड्रेनेज लाइन का काम अधूरा पड़ा होने के कारण आये दिन हादसे हो रहे हैं। शुक्रवार को यहां एक बाइक ही पूरी चैम्बर में डूब गई। गनीमत रही के बाइक सवार उछल कर दूर गिर गया। बाद में आसपास के दुकानदारों ने मुश्किल से बाइक को बाहर निकलवाया। लाइन का काम अधूरा होने के कारण आडसर बास में भी पानी का एकत्रीकरण और ज्यादा बढ़ गया है। मोहल्लेवासियों ने शीघ्र कार्य पूर्ण करवाने की मांग की है।

स्कूल का नहीं कोई समय, बच्चे बाहर, गेट पर ताला, ग्रामीणों ने की शिकायत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 जुलाई। क्षेत्र के गांव बिग्गा में बड़ाबास स्थित राप्रावि में अनियमितता की शिकायत ग्रामीणों ने की है। ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल में केवल दो ही अध्यापक लगाए हुए हैं व इन दोनों में से भी एक तो स्थाई अवकाश पर है और दूसरा मनमर्जी से स्कूल आकर अपनी हाजिरी लगा कर चले जाते हैं। ऐसे में काफी बार बच्चे स्कूल के बाहर खड़े रहते हैं और स्कूल के ताला लगा रहता है। ग्रामीणों ने व्यवस्था सुधारने की मांग की है।





