






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 जुलाई 2022। ट्रेन से गिरकर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और इस युवक के प्राण बचाने के लिए सेरूणा पुलिस आधी रात को चार किलोमीटर से अधिक पैदल ही दौड़ी। घटना में पुलिस का मानवीय रूप सामने आया है। अभी तक युवक की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस पहचान के प्रयास कर रही है। थानाधिकारी रामचंद्र ढाका ने बताया कि शनिवार रात 11 बजे रतनगढ़ से बीकानेर जा रही पैसेंजर ट्रेन से सूडसर के पास गिरकर एक यात्री के गंभीर रूप से घायल हो जाने की सूचना प्राप्त हुई। हैड कांस्टेबल सुभाष चंद्र की टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटना की सूचना पुलिस को मिल गई परंतु युवक के गिरने की लोकेशन की जानकारी नहीं मिली। पुलिस टीम पैदल ही पटरियों के सहारे रवाना हुई और चार किलोमीटर से अधिक चलने पर सूडसर स्टेशन से 8 किलोमीटर दूर रेलवे पटरी के दक्षिण दिशा के गढ्ढे में युवक पड़ा मिला। पुलिस ने तत्काल युवक को बाहर निकाल कर एंबुलेंस की सहायता से बीकानेर पीबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति के पास कोई आईडी प्रूफ नहीं मिलने के कारण अभी तक उसकी शिनाख्त नहीं हुई है। श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के पाठक इसे ध्यानपुर्वक देखें तथा रतनगढ़ या आस पास के इलाकों में भी खबर को शेयर करें जिससे युवक की शिनाख्त हो सकें। पाठक कोई भी जानकारी होने पर सेरूणा पुलिस थाने में सूचना अवश्य देवें।






