






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 जुलाई 2022। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार शनिवार को क्षेत्र के गांव सुरजनसर, धीरदेसर पुरोहितान, लाखनसर, मोमासर सहित आस पास के इलाकों में भारी बरसात हुई। बरसात से ग्रामीण जन जीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। गांव लाखनसर में उपस्वास्थ्य केन्द्र, आंगनबाड़ी केन्द्र सहित कई घरों में जलभराव हो गया है। पानी के कारण यहां कई गलियों में आना जाना ही बंद हो गया है। पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि भिंयानाथ ने बताया कि गांव में बाढ़ के हालात खड़े हो गए है। उन्होंने कहा कि जलनिकासी के पर्याप्त प्रयास प्रशासन द्वारा किए जाने चाहिए। लाखनसर के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में गांव में बाढ़ के हालात होने की सूचनाएं दी है। गांव के मुन्नीराम ने बताया कि कई घरों में पानी घुस गया है और पानी निकासी का उचित प्रबंध होना जरूरी है। सरपंच ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि लाखनसर में जलभराव से विकट समस्या खड़ी हो गई है। उन्होंने कहा कि जलनिकासी के लिए ग्राम पंचायत अपने स्तर पर पूरजोर प्रयास कर रही है। ग्राम पंचायत के संशाधनों को नाकाफी बताते हुए शर्मा ने पंचायत समिति व उपखंड प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। गांव सुरजनसर की सरकारी स्कूल में पानी भर गया है जिसे जनरेटर द्वारा निकालने के प्रयास किए जा रहें है। क्षेत्र के गांव धीरदेसर पुरोहितान में भी गलियां जलमग्न हो गई है। गांव मोमासर में भी गांव की गलियों में पानी भर गया है और आवागमन बाधित हो रहा है। यहां राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में पानी घुस गया है जिससे मरीजों का प्रवेश ही मुश्किल हो गया है। पूर्व जिला परिषद सदस्य सुभाष कमलियां ने ग्राम पंचायत पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए करीब एक माह से अस्पताल में पानी पड़े होने की बात कही है। कमलिया ने सीएमएचओ बीकानेर व उपखंड प्रशासन को भी इसकी जानकारी देकर अस्पताल से जलनिकासी करवाने की मांग की है। शनिवार को दिनभर की उमस के बाद श्रीडूंगरगढ़ शहर में रात 11 बजे झमाझम बादल बरसे। मुख्य बाजार की गलियों में पानी भर गया। आज भी दिन में हल्की बूंदाबांदी के साथ बादलों की आवाजाही रही है। आज गांव मणकरासर में जमकर बरसात हुई और गांव की गलियों में पानी ही पानी भर गया।











