May 21, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 अगस्त 2022। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में लंपी स्किन डिजीज अब पशुओं में महामारी की ओर बढ़ रहा है तथा पूरे क्षेत्र में इसकी गंभीरता को लेकर खलबली मची हुई है। क्षेत्र में विधायक से लेकर विभाग तक सभी सक्रिय हो गए है। अधिकाधिक पशुओं को इससे बचाने के प्रयास किए जा रहें है। बुधवार को विधायक गिरधारीलाल महिया ने इस संबध में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पशुपालन मंत्री लालचंद कटारिया, कलेक्टर बीकानेर को पत्र भेजकर श्रीडूंगरगढ़ में लंपी स्किन डिजीज की गंभीरता से अवगत करवाया है। क्षेत्र में इस बीमारी के उपचार व रोकथाम हेतु त्वरित प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। महिया ने श्रीडूंगरगढ़ के प्रत्येक गांव में स्पेशल टीमें भेजकर बीमारी के रोकथाम के लिए प्रयास शुरू करने, आवश्यक औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित करवाने, पशु चिकित्सा कार्मिकों के रिक्त पदों पर पड़ौसी जिलों से चिकित्सा दल भेजने, जिले के नोडल अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में दौरा कर निगरानी और प्रभावी कार्रवाई करवाने, तहसील स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित करने, अपने-अपने मुख्यालय पर उपस्थित रहने एवं घर-घर जाकर गौवंश में बीमारी का सर्वे करने, पशुपालकों को आवश्यक सावधानियां बरतने हेतु जागरूक करने की मांग की है।

प्रशासन की टीमें पहुंची 16 गौशालाओं में।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 अगस्त 2022। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में तेजी से बढ़ रही लंपी स्किन डिजीज की रोकथाम एवं बचाव हेतु श्रीडूंगरगढ़ प्रशासन सक्रिय हुआ है। उपखंड अधिकारी डॉ. दिव्या चौधरी के निर्देशन में प्रभावी कदम उठाते हुए बुधवार को टीमों का गठन किया गया एवं गांवों में सर्वे के लिए टीमें भेजी गई। वरिष्ठ पशु चिकित्सक एवं नॉडल अधिकारी पशुपालन विभाग तथा तहसीलदार श्रीडूंगरगढ़ की अध्यक्षता में एक संयुक्त टीम का गठन किया गया है। इस टीम द्वारा बुधवार को क्षेत्र की 16 गौशालाओं का निरीक्षण किया गया तथा लंपी स्किन डिजीज से संक्रमित पशुओं को चिन्हित किया गया। उनके उपचार एवं उन पशुओं को आइसोलेट करने हेतु व्यवस्था की गई। स्वयं उपखंड अधिकारी डॉक्टर दिव्या भी आज कई गांवों में पहुंची एवं निरीक्षण करते हुए ग्रामीण से वार्ता कर इस बीमारी के रोकथाम एवं बचाव के उपायों से अवगत कराया।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गौशालाओं का दौरा करते तहसीलदार राजवीर एवं पशु चिकित्सा अधिकारी डाक्टर उत्तम भाटी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव बेनिसर में प्रशासन द्वारा आयोजित जागरूकता सभा में मौजूद ग्रामीण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बेनीसर में ग्रामीणों को डिजीज के बारे में जानकारी देती एसडीएम डाक्टर दिव्या चौधरी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों तक पहुंच कर सर्वे कर रहा है प्रशासनिक दल।