May 20, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 अगस्त 2022। क्षेत्र के गांव मोमासर से क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर आई है। यहां स्वर्गीय बीरबल ढबास मेमोरियल रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता का विशाल आयोजन किया जाएगा जिसका उत्साह गांव में नजर आने लगा है। आयोजकों ने बताया कि स्वर्गीय बीरबल ढबास की प्रथम पुण्यतिथि पर 27 अगस्त को खेल मैदान मोमासर में आयोजित किए जा रहें इस टूर्नामेंट का मुख्य आकर्षण लाखों के नगद पुरस्कार होंगे। टेनिस बॉल से खेले जाने वाली इस क्रिकेट प्रतियोगिता में 50 टीमों का पंजीकरण हो गया है तथा 65 से अधिक टीमें भाग लेगी। टीमों के रूकने की व्यवस्था मोमासर व आस पास के होटलों में की जा रही है। राजस्थान सहित गुजरात, पंजाब, एमपी व हरियाणा से आने वाली अनेक टीमें इस ओपन क्रिकेट टूर्नामेंट में भाग लेगी। प्रतियोगिता में प्रवेश के लिए 7100 रूपए एंट्री फीस भी रखी गई है। आयोजक मंडल से जुड़े हनुमान ढबास ने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता को 2,51,000 रूपए नगद राशि के साथ एक चमचमाती ट्राफी से सम्मानित किया जाएगा तथा उपविजेता को 1,21,000 रूपए की नगद राशि व आकर्षक ट्रॉफी से नवाजा जाएगा। वहीं टूर्नामेंट में मैन ऑफ द सीरीज रहने वाले खिलाड़ी को एक मोटरसाइकिल और ट्रॉफी दी जाएगी तथा प्रतियोगिता में तीसरे व चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को भी सांत्वना पुरस्कार के रूप में 15,000 रूपए का पुरस्कार दिया जाएगा। टूर्नामेंट में बेस्ट बॉलर तथा बेस्ट बैट्समैन को भी 5100 रुपए तथा मोमेंटो भेंट किए जाएंगे। वहीं खेल के दौरान लगातार छह छक्के या छह चौके व हैट्रिक शतक तथा 50 रन बनाने वालों को भी नगद पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रतियोगिता की तैयारियों में जुटें युवा इस आयोजन को लेकर काफी उत्साहित है और इसमें भाग लेने वाले खिलाड़ी भी अपने खेल को तराशने में लगे है।