May 20, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 30 अगस्त 2022। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में शिक्षकों की कमी के कारण बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ के आरोप लगाते ग्रामीणों और आक्रोशित बच्चों के आंदोलन कई जगहों पर चल रहे थे। ऐसे में अब शिक्षा विभाग में किए गए बम्पर ट्रांसफरों के बाद हालात कोढ़ में खाज वाले हो गए है। शिक्षकों की नियुक्ति की मांग पर चले रहे आंदोलनों के बीच शिक्षकों का यहां से जाना ग्रामीणों को आक्रोशित कर रहा है। यही आक्रोश देखने को मिला है मंगलवार को क्षेत्र के गावं शेरूणा में। शेरूणा के राउमावि में अंग्रेजी शिक्षिका मीना चाहर के हुए ट्रांसफर के बाद मंगलवार को बच्चे सामूहिक रूप से आक्रोशित हो गए एवं कक्षाओं का बहिष्कार करते हुए ट्रांसफर रद्द करने की मांग करते हुए विद्यालय की तालाबंदी कर दी। पहले से ही शिक्षकों की कमी झेल रहे विद्यालय में अतिरिक्त सक्रिय भूमिका निभाने वाली शिक्षिका के ट्रांसफर की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो गांव के सरपंच प्रतिनिधि एडवोकेट भरतसिंह राठौड़, एडवोकेट रणवीरसिंह राठौड़, शिवलाल गोदारा, सीताराम, एडवोकेट बाबुलाल शर्मा, कानूसिंह, मनोज पटीर, राधेश्याम सिद्ध, हरीराम पटीर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंचें। ग्रामीणों ने भी शिक्षिका के स्थानांतरण का विरोध किया एवं रिलीव नहीं करने दिया। ऐसे में विद्यालय की तालाबंदी कर विद्यार्थी एवं ग्रामीण जम कर नारेबाजी कर रहे है। विदित रहे कि इस स्कूल में गणीत, इतिहास सहित प्राचार्य का पद पहले से ही रिक्त चल रहा है। कार्यवाहक प्राचार्य ओमप्रकाश ने बताया कि इस संबध में उच्चाधिकारियों को सूचित कर दिया गया है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव शेरूणा के राउमावि के बाहर तालाबंदी कर बैठे विद्यार्थी।