






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 1 सितबंर 2022। क्षेत्र के दो बड़े स्कूलों में लंबे समय से विद्यार्थियों द्वारा विज्ञान व भूगोल विषयों की स्वीकृति की मांग की जा रही थी। आज ये मांग पूरी होने से दोनों स्कूलों के युवा विद्यार्थियों में उत्साह का संचार हुआ है और विधायक गिरधारीलाल महिया ने स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री का आभार प्रकट किया है। श्रीडूंगरगढ़ शहर की रूपादेवी मोहता राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में अतिरिक्त विषय के रूप में भूगोल विषय की तथा गांव दुलचासर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विज्ञान संकाय की स्वीकृति जारी की गई है। विधायक गिरधारीलाल महिया ने कहा कि दोनों विषयों में रूची रखने वाले विद्यार्थियों को अपने स्कूल में इन विषयों के अध्ययन की सुविधा मिल सकेगी। स्वीकृति जारी होने पर विद्यार्थियों व अभिभावकों ने महिया का आभार जताया व विधायक की अनुशंसा पर ये स्वीकृति जारी करने पर महिया ने मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री का आभार जताया है।



