May 21, 2026
010

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 सितंबर 2022। रात के अंधेरे में घर से सामान निकाल कर पास ही के खेत में जमा किया। जेवरात के सारे डिब्बे खाली करके वहीं फेंके और एक सन्दूक में सारा माल समेट कर ले गए। गांव लोढेरा में शनिवार को हुई बड़ी चोरी के मामले पीड़ित बजरंगलाल पुत्र गणपतराम गोदारा ने पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज करवाते हुए ये पुलिस को बताया और सामान बरामद करवाने की गुहार लगाई है। थानाधिकारी वेदपाल शिवराण ने बताया की बजरंगलाल ने बताया कि शुक्रवार की रात करीब 10.30 बजे उनका परिवार खाना खाने के बाद घर की बाखल में सो गया। सुबह पांच बजे परिवार के सदस्य उठे तो देखा मेरे दो मकानों के कुंडे काट कर ताले हटाए हुए थे। परिवारजन घर के अंदर पहुंचे तो देखा सभी सदस्यों की अलग अलग रखी सभी संदूकों के ताले तोड़ कर कुंडे हटा कर सामान बिखेर दिया व गहने व नगदी चोर ले गए। पीड़ित ने बताया कि अज्ञात चोर सफे की दीवार चढ़ कर छत पर चढ़े और घर में उतरे। पदचिन्हों के अनुसार चोर कालू रोड की ओर गए तथा घर के आसपास रास्ते में आए तारों को काटते हुए गए। करीब 500 मीटर दूर पूर्णाराम मेघवाल के खेत में चोरी का सामान एकत्र किया। सभी गहनों के डब्बे छोड़ गए तथा नगदी गहने पार कर लिए। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों को पकड़ने और सामान बरामद करवाने की मांग की है। थानाधिकारी वेदपाल शिवराण इस मामले की जांच कर रहें है।