May 21, 2026
010

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 सितंबर 2022। प्रशासन के सिपहसालारों ने सरकार को आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्राम विकास अधिकारी, पशुधन सहायकों के बाद अब राजस्थान कानूनगो संघ के सदस्य आंदोलन की राह पर आगे बढ़ रहे है। संघ की उपशाखा श्रीडूंगरगढ़ द्वारा आज मुख्यमंत्री, राजस्व सेवा परिषद व राजस्व मंत्री के नाम उपखंड अधिकारी के मार्फत ज्ञापन भेजते हुए 12 सितंबर से सत्याग्रह आंदोलन की चेतावनी दी है। संघ के सदस्यों ने 4 अक्टूबर 2021 में राजस्व उच्चाधिकारियों व राजस्व सेवा परिषद के मध्य हुए समझौते को लागू करने तथा 3 जुलाई 2021 को राजस्थान पटवार संघ के साथ हुए समझौते की पालना की मांग भी दौहराई। संघ के सतवीर सिंह पचार ने बताया कि संघ द्वारा नायब तहसीलदार पद को राजपत्रित घोषित करने, नायब तहसीलदार का पद शत प्रतिशत पदौन्नति से भरने, नियमित डीपीसी करना, कानूनगो व पटवारियों के विभिन्न भत्तों की स्वीकृति जारी करने, समझौते के अनुसार पटवारी, निरीक्षक व नायब तहसीलदार के नवीन पद स्वीकृत करना, आंदोलन के दौरान दर्ज मुकदमों को वापस लेना सहित विभिन्न मांगे माने जाने की मांग की। मांगे नहीं माने जाने की स्थिति में दिनांक 12 सितबंर से सत्याग्रह आंदोलन शुरू करने की चेतावनी भी दी गई। सत्याग्रह आंदोलन के बाद भी मांगे नहीं माने जाने पर राजस्व सेवा परिषद द्वारा पूर्ण कार्य बहिस्कार आंदोलन करने की बात कही। इस दौरान नायब तहसीलदार वतनलाल, कानूनगो संघ जिलाध्यक्ष सतवीर सिंह पचार तहसील अध्यक्ष चेनाराम मेघवाल, पटवार संघ अध्यक्ष रामनिवास पांडिया, सीताराम नाई, ओमप्रकाश, चैनसिंह, मोहन कंवर सहित अनेक कानूनगो व पटवारी उपस्थित रहें।